अलवर में कैमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, सात मजदूर जल मरे

जयपुर, 16 फरवरी। राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक कैमिकल फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में फैक्ट्री के भीतर मौजूद सात लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक मजदूरों को बचा लिया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूर बाहर निकल आए।
खबरों के मुताबिक, फैक्ट्री से सुबह करीब 10 बजे धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान 3 से 4 बार जोरदार धमाके हुए, जिनकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। 
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह कामकाज के दौरान फैक्ट्री के अंदर तेज धमाके की आवाज़ आई, जिसके तुरंत बाद आग फैलती चली गई। फैक्ट्री में ज्वलनशील केमिकल्स मौजूद थे, जिससे आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया। 
घटना के समय फैक्ट्री में 20 से 25 मजदूर काम कर रहे थे। कुछ मजदूर समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। 10 से अधिक मजदूरों के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका बनी हुई है। कई शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके थे कि पहचान करना मुश्किल हो रहा है। 
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में गत्ता रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की मेहनत के बाद आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया, हालांकि शीतलन कार्य देर तक जारी रहा।
प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि फैक्ट्री के अंदर रखे गैस सिलेंडर फटने से धमाके हुए होंगे। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। यह भी सामने आया है कि फैक्ट्री पिछले कई महीनों से बंद बताई जा रही थी, ऐसे में अंदर गतिविधि को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एहतियातन आसपास की फैक्ट्रियों को खाली करा लिया गया और बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। 
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य कारण से। 
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments