एकता थाना क्षेत्र में पुलिस की मुठभेड़, पचास हजार का इनामी बदमाश पवन गुर्जर ढेर, सिपाही से लूटी पिस्टल बरामद
आगरा, 27 फरवरी। नोएडा एसटीएफ और आगरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को एक मुठभेड़ में इनामी बदमाश पवन गुर्जर को मार गिराया। पवन पर पुलिस द्वारा पचास हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह मुठभेड़ थाना एकता क्षेत्र में हुई।
पुलिस के अनुसार, पवन गुर्जर पर डेढ़ दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज थे। उसने वर्ष 2016 में गौतमबुद्ध नगर में एक सिपाही से नाइन एमएम की पिस्टल भी लूटी थी। मुठभेड़ के बाद सिपाही से लूटी हुई पिस्टल के साथ दूसरी मेड इन इटली पिस्टल भी बरामद की गई।
मिली खबरों में कहा गया है कि संयुक्त पुलिस टीम ने पवन गुर्जर को थाना एकता क्षेत्र में घेर लिया और उससे आत्मसमर्पण करने को कहा। इस पर पवन पुलिस पर फायरिंग करने लगा।
पुलिस और उसके बीच करीब बीस मिनट तक फायरिंग हुई। इस मुठभेड़ में पवन के सीने में गोली लगी। वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गई, जहां उसकी मौत हो गई। पवन गाजियाबाद जिले के लोनी थाना क्षेत्र के सिरौली गांव का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, उसका रणदीप भाटी, अमित कसाना गैंग से भी संबंध था। उसके खिलाफ हत्या के चार, रंगदारी के दो मुकदमे मिलाकर 18 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। पवन के पास से भारी मात्रा में कारतूस और अवैध असलहे बरामद किए गए।
____________________________________
Post a Comment
0 Comments