कोर्ट मैरिज को लेकर नाराज मायके वालों ने कर दिया युवक पर जानलेवा हमला
आगरा, 04 फरवरी। गोकुलपुरा निवासी एक युवक पर उसकी पत्नी के मायके वालों ने पीछे से सिर में चाकू मारकर जानलेवा हमला कर दिया। बताया गया है कि युवक की कोर्ट मैरिज से हमलावर नाराज थे।
खबरों के अनुसार, ट्रांसपोर्ट कार्य करने वाले शिवम के अपने ही इलाके की एक युवती से प्रेम संबंध थे। दोनों ने करीब दो साल पहले परिवार की सहमति के बिना दिल्ली में कोर्ट मैरिज कर ली थी। शादी के बाद से ही युवती के परिजन इस रिश्ते से नाराज़ बताए जा रहे थे। विवाह के बाद शिवम अपनी पत्नी के साथ हरियाणा के रेवाड़ी में रहकर ट्रांसपोर्ट का काम कर रहा था।
शिवम के पिता की तबीयत बिगड़ने पर हाल ही में आगरा आया था। इसी दौरान पत्नी के मायके पक्ष के लोगों ने पहले से घात लगाकर उसे रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि अचानक पीछे से सिर पर चाकू से वार किया गया, जिससे शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
इस मामले में शिवम की पत्नी ने थाना लोहामंडी में तहरीर दी है। तहरीर में उसने अपने दो सगे भाइयों समेत अन्य रिश्तेदारों को नामजद करते हुए कहा कि कोर्ट मैरिज की रंजिश के चलते उसके पति को जान से मारने की कोशिश की गई।
नामजद दोनों भाई घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस ने एक रिश्तेदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments