सफाई एजेंसी पर तीन लाख रुपये जुर्माना, ताजमहल के निकट गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त का एक्शन
आगरा, 04 फरवरी। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने ताजमहल के निकट सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर संबंधित सफाई एजेंसी पर तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। उन्होंने सुधार न होने पर अनुबंध निरस्त करने की चेतावनी भी दी।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने मीडिया को बताया कि पिछले दिनों नगर आयुक्त ने ताजमहल के निकट सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया था। इस दौरान फतेहाबाद रोड पर सड़क, डिवाइडर व फुटपाथ पर काफी धूल जमी हुई थी।
शिल्पग्राम रोड पर धूल और कूड़े का ढेर तथा जी-20 सेल्फी प्वाइंट से रमाडा होटल तक सड़क के दोनों ओर अत्यधिक लिटरिंग पाई गई। इसके अलावा सड़क किनारे स्थित खुले प्लॉटों में कूड़ा पड़ा मिला। आंतरिक गलियों में नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही थी। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहन समय से नहीं पहुंच रहे थे।
सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि यदि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक सुधार नहीं पाया गया, तो संबंधित फर्म के खिलाफ अग्रिम दण्डात्मक कार्रवाई अथवा अनुबंध समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments