मंडलायुक्त से की टीटीजेड की चुनौतियों पर चर्चा
आगरा, 23 फरवरी। उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग के नेतृत्व में ताज ट्रिपेजियम जोन प्राधिकरण (टीटीजेड अथॉरिटी) के केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त सदस्य विजय गुप्ता एवं उमेश शर्मा ने प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान टीटीजेड की वर्तमान स्थिति, पर्यावरणीय चुनौतियों, विकास संबंधी बाधाओं तथा क्षेत्र के सतत एवं संतुलित विकास की संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। सदस्यों ने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान करने, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुदृढ़ करने, अन्तर विभागीय समन्वय स्थापित करने तथा उद्योग एवं पर्यावरण के मध्य संतुलन स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
अध्यक्ष टीटीजेड एवं मंडलायुक्त द्वारा स्पष्ट किया गया कि क्षेत्र के समग्र विकास हेतु त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन विषयों के संदर्भ में भी क्षेत्र के सतत विकास का सशक्त पक्ष रखा जाएगा, जिससे आगरा परिक्षेत्र के विकास एवं विस्तार से संबंधित बाधाओं का सकारात्मक समाधान संभव हो सके।
बैठक में राकेश गर्ग ने क्षेत्र के औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण तथा पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप विस्तार हेतु अपने महत्वपूर्ण एवं रचनात्मक सुझाव प्रस्तुत किए।
सदस्यों द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि शीघ्र ही आगरा परिक्षेत्र की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों एवं संभावनाओं पर एक विस्तृत आलेख तैयार कर अध्यक्ष महोदय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे भावी कार्ययोजना को ठोस आधार प्रदान किया जा सके।
______________________________
Post a Comment
0 Comments