बड़ी कार्रवाई: औषधि विभाग की पंद्रह टीमों का फौवारा दवा मार्केट में छापा
आगरा, 22 फरवरी। औषधि विभाग की पन्द्रह टीमों ने कोतवाली क्षेत्र में स्थित फौवारा दवा मार्केट में रविवार की शाम करीब चार बजे एक साथ छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कई मार्केट में दुकानों के शटर गिर गए। दुकानदारों में हड़कम्प मच गया।
औषधि विभाग की टीमें लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय के निर्देश पर जांच कर रही हैं। टीम को संदिग्ध और नारकोटिक्स दवाओं की बिक्री की सूचना मिली थी इसके बाद विभाग ने यह बड़ी कार्रवाई की।
सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय के साथ ही कई जिलों के ड्रग इंस्पेक्टर की टीम पहले माहेश्वरी मार्केट पहुंची।
यहां टीम ने कई थोक दवा व्यापारियों के यहां जांच की। खरीद और बिक्री का रिकॉर्ड देखा और इसके साथ ही संदिग्ध दवाओं की जांच की। इसके बाद टीम ने फौवारा दवा बाजार के अन्य मार्केट के साथ ही हींग की मंडी में भी जांच की। टीम की कार्रवाई सायंकाल तक जारी थी।
गौरतलब है कि फौवारा दवा मार्केट में 600 से अधिक थोक की दुकानें हैं। छापे के दौरान दवा व्यापारियों की भीड़ भी लगी रही।
____________________________________
Post a Comment
0 Comments