Agra News: खबरें आगरा की....

भाजयुमो ने फूंका राहुल गांधी का पुतला
आगरा, 21 फरवरी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सेंट जोन्स कॉलेज चौराहे के निकट कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका। या कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने निकले थे। सेंट जोंस चौराहे पर उनका पुलिस से टकराव हो गया। नाराज कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को देश का गद्दार बताते हुए चौराहे पर पुतला फूंक दिया।
खबरों के अनुसार, भाजयुमो ने कांग्रेस पार्टी कार्यालय के घेराव का पूर्व में ऐलान किया था। इसकी सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी भी वहां पहुंच गए। किसी तरह के टकराव से बचने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। कांग्रेस कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। 
_________________________________________
क्रोएशिया के प्रधानमंत्री ने देखा ताजमहल और आगरा किला
आगरा, 21 फरवरी। क्रोएशिया के प्रधानमंत्री एंड्रेज प्लेनकोविक ने शनिवार को यहां ताजमहल और लालकिला का अवलोकन किया।
क्रोएशिया के प्रधानमंत्री एंड्रेज प्लेनकोविक को भारत सरकार द्वारा अतिथि का दर्जा दिया गया, उनकी अगवानी व प्रदेश के मुख्य सचिव चीफ एसपी गोयल जी द्वारा पुष्पगुच्छ देकर किया किया।
_________________________________________
'बापू बाजार' और मतदाता जागरूकता रैली से जीता दिल
आगरा, 21 फरवरी। राजा बलवंत सिंह कॉलेज के मुख्य परिसर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाइयों द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन स्वयंसेवकों ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। कार्यक्रम की शुरुआत योग अभ्यास से हुई, जिसके बाद स्वच्छता और नागरिक कर्तव्यों पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
क्षेत्र में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर विजय श्रीवास्तव और डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की एन.एस.एस. समन्वयक डॉ. पूनम तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली बापू नगर और कंसखार क्षेत्र से गुजरी जिसमें राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से स्थानीय लोगों को मतदान की महत्ता और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
शिविर का मुख्य आकर्षण 'बापू बाजार' रहा। इसके अंतर्गत स्वयंसेवकों ने जरूरतमंद लोगों को मात्र ₹1 प्रति वस्त्र की दर से कपड़े उपलब्ध कराए। इस आयोजन का उद्देश्य अभावग्रस्त लोगों की मदद करना और उनमें स्वाभिमान की भावना बनाए रखना था। शिविर का संचालन डॉ. आलोक कुमार, डॉ. तरुण कान्त पाठक, डॉ. अमरीश, डॉ. धनंजय, डॉ. रुचि श्रीवास्तव और डॉ. दिनेश द्वारा किया जा रहा है।
_________________________________________
नामनेर में हिन्दू सम्मेलन कल 22 को
आगरा, 21 फरवरी। माँ दुर्गा विद्या मंदिर,नामनेर पर आगामी 22 फरवरी को आयोजित होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन के आमंत्रण पोस्टर का विमोचन विगत दिवस डॉ.अंकुर बंसल की गरिमामयी उपस्थिति में सामूहिक रूप से किया गया।
22 फरवरी को होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन के मुख्य अतिथि श्री श्री 1008 कृष्णानंद (श्री धाम वृंदावन) होंगे। रघु पंडित ने कहा कि सम्मेलन के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री राजेश होंगे। अनूप वर्मा ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की दुर्गावाहिनी की क्षेत्रीय संयोजिका रीना शर्मा भी उदगार व्यक्त करेंगी। इस सम्मेलन में नामदेव नगर के नामनेर, प्रतापपुरा, कुतलुपर, कटघर, ईदगाह क्षेत्र के सभी हिन्दू भाई, बहन, बच्चे, बुजुर्ग प्रतिभाग कर एकता का संदेश देंगे।
कार्यक्रम में अभिषेक शर्मा, सतीश शर्मा, उदय प्रताप बघेल, विवेक लोधी, विश्वजीत पात्रा, अर्पित जैन, अंकित जैन, हर्ष कोटिया, सपना, माधुरी माहौर, रामा शर्मा, अनिल कुलश्रेष्ठ, अविनाश सत्यार्थी, राहुल बेत, सचिन चौधरी, पार्वती गोस्वामी, मौज़ूद रहे। संचालन ब्रजेश पंडित ने किया।
_________________________________________
श्री माँ का जन्म दिवस समारोह मनाया
आगरा, 21 फरवरी। श्री अरविंद सोसायटी द्वारा शनिवार शाम अजीत नगर चौराहे के निकट खेरिया मोड़ स्थित ब्लिस इंस्टिट्यूट ऑफ़ योग सभागार में पांडिचेरी के श्री अरविंद आश्रम की आध्यात्मिक सह संस्थापक और मार्गदर्शक श्री माँ (मिरा अल्फासा) का जन्मदिवस समारोह मनाया गया। श्री माँ के जीवन पर आधारित डॉक्युमेंट्री दिखाई गई।
विशिष्ट अतिथि कांता माहेश्वरी और विधायक-पत्नी अनीता कुशवाह ने दीप जलाकर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि महर्षि अरविंदो के साथ श्री माँ ने जगत कल्याण के लिए शांति, आध्यात्मिकता और दिव्यता का अनुपम संदेश दिया। आलोक कुलश्रेष्ठ ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। डॉ. सुनीता गर्ग ने संस्था द्वारा नगला इमली में शुरू किए जाने वाले ग्राम विकास कार्यक्रम पर प्रकाश डाला। बायोकेमेस्ट्री की प्रोफेसर डॉ. वीना गुप्ता ने संस्था के समग्र स्वास्थ्य प्रकल्प की जानकारी दी। 
डॉ. रेणुका मित्तल ने समझाया कि गर्भाशय के स्वास्थ्य को मजबूत किए बिना गर्भधारण नहीं करना चाहिए। डॉ. अन्विता गर्ग ने कहा कि ध्यान, योग और सकारात्मक सोच से समाज की आधी बीमारियाँ अपने आप ठीक हो जाएंगी। कविता कुलश्रेष्ठ, पंडित मोहित सक्सेना, सुप्रसिद्ध संगीतज्ञ आंश्वना सक्सैना और पूजा तोमर के सुमधुर भजनों ने वातावरण में भक्ति रस घोल दिया। पावनी शर्मा ने नृत्य प्रस्तुत किया।
_________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments