नहीं मिला मृतका मिंकी का सिर, अब पुलिस को डीएनए सैम्पल का सहारा!

आगरा, 05 फरवरी। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में पार्वती विहार काॅलोनी निवासी मिंकी शर्मा हत्याकांड में पुलिस को अब डीएनए सैम्पल का सहारा है। हत्याकांड के करीब तेरह दिन बाद भी पुलिस मृतका का सिर बरामद नहीं कर सकी है। पुलिस हत्यारोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है और उसके बताए संभावित स्थानों पर मृतका के सिर की तलाश कर चुकी है, लेकिन सफलता नहीं मिली।
गौरतलब है कि ट्रांस यमुना क्षेत्र में पार्वती विहार काॅलोनी निवासी मिंकी शर्मा (25) संजय प्लेस की दिविशा टेक्नोलाॅजी में एचआर मैनेजर थीं। कंपनी में ही हत्यारोपी विनय राजपूत भी कार्यरत था। मिंकी और विनय में प्रेम संबंध थे। लेकिन छह महीने से विनय शक करने लगा था। शक बढ़ा तो विनय ने विगत 23 जनवरी को मिंकी को बहाने से संजय प्लेस स्थित कार्यालय बुलाकर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और धड़ से सिर को अलग कर दिया। आरोपी का कहना था कि वह जवाहर पुल पर एक बोरे में धड़ और झरना नाला में सिर फेंक आया था। पुलिस को आरोपी के सीसीटीवी फुटेज भी मिले। इसमें वह स्कूटी पर एचआर मैनेजर के धड़ को बोरे में रखकर ले जाता नजर आया। धड़ मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सिर की बरामदगी के लिए पिछले शुक्रवार को आरोपी को रिमांड पर लेकर छानबीन की गई लेकिन सिर नहीं मिला। पुलिस ने झरना नाले में सिर की तलाश के लिए गोताखोर भी लगाए लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मीडिया से कहा कि युवती की हत्या उसकी कंपनी के कार्यालय में हुई थी। जगह-जगह खून के छींटे मिले थे। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने रक्त के नमूने लिए थे। पुलिस ने मृतका के कपड़े बरामद किए थे, उस पर भी खून लगा था। आरोपी के घटना वाले दिन पहने हुए कपड़े भी बरामद हुए। हालांकि मृतका का सिर और मोबाइल फोन अब तक नहीं मिल सका है।
पुलिस ने मृतका का डीएनए सैंपल लिया था। अब पहचान को पुख्ता करने के लिए मृतका की मां का भी रक्त का नमूना लिया जाएगा। दोनों के डीएनए का मिलान होगा। रिपोर्ट और मिलान के बाद आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments