Agra News: खबरें आगरा की...
प्रधानाचार्यों को बेवजह परेशान नहीं करने दिया जाएगा
आगरा, 05 फरवरी। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद की यहां गुरुवार को हुई बैठक में कई प्रस्ताव पारित हुए। तय किया गया कि बोर्ड परीक्षा में प्रधानाचार्यों को बेवजह परेशान नहीं करने दिया जाएगा।
एमडी जैन इंटर कॉलेज में हुई कार्यकारिणी एवं सचिव प्रधानाचार्यों की बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार लवानिया ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निम्न प्रस्ताव पारित किए गए-बोर्ड परीक्षा 2026 में यदि प्रधानाचार्यों को बेवजह परेशान किया जाता है, तो परिषद द्वारा इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा और आवश्यक होने पर संगठनात्मक निर्णय लिया जाएगा। नव नियुक्त प्रदेश मंत्री डॉ. अनिल वशिष्ठ तथा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ममता शर्मा को जिला कार्यकारिणी द्वारा बधाई देते हुए सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्यों की विभिन्न समस्याओं की सूची तैयार कर आगामी सप्ताह अधिकारियों से वार्ता कर समाधान का निर्णय लिया गया। सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर अनेक प्रधानाचार्यों ने परिषद की सदस्यता ग्रहण की। संचालन जिला महामंत्री डॉ. मोहम्मद जमीर द्वारा किया गया। बैठक में डॉ. अनिल वशिष्ठ, डॉ. ममता शर्मा, डॉ. अतुल जैन, डॉ. नीलम जैन, डॉ. पीयूष शर्मा, डॉ. प्रीति नागपाल, मुकेश शर्मा सहित अन्य प्रधानाचार्य शामिल रहे।
__________________________________________
फतेहाबाद क्षेत्र के जंगल में आग से हड़कम्प
आगरा, 05 फरवरी। जिले में फतेहाबाद क्षेत्र के गांव रिहावली के पास स्थित जंगल में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग ने शीघ्र विकराल रूप धारण कर लिया और धुएं के घने गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे। जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बताया गया है कि आग जंगल में तेजी से फैल रही थी, जिससे खेतों और आसपास के इलाकों को भी खतरा उत्पन्न हो गया था। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस द्वारा कारणों की जांच की जा रही है।
__________________________________________
मानवाधिकार आयोग को अपनी पीड़ा बताने पहुंचा राजू
आगरा, 05 फरवरी। किरावली थाने में पुलिस द्वारा राजू नामक युवक को अमानवीय यातनाएं दिए जाने के मामले में प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने गुरुवार को मंडलायुक्त सभागार में पीड़ित की सुनवाई की। मानवाधिकार कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता नरेश पारस पीड़ित राजू को लेकर आयोग के समक्ष उपस्थित हुए।
चलने-फिरने में असमर्थ पीड़ित राजू अपने पिता और भतीजे के कंधों का सहारा लेकर मंडलायुक्त सभागार पहुंचा। वहां उसने आयोग के समक्ष अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि किरावली थाने में उसके साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि उसे उल्टा लटकाकर इस कदर पीटा गया कि उसके दोनों पैर टूट गए। पीड़ित ने आयोग को अपने घायल पैरों के एक्स-रे और अन्य चिकित्सकीय दस्तावेज भी प्रस्तुत किए। जनसुनवाई की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष राजीव लोचन ने एक अन्य सदस्य के साथ की। सुनवाई के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से अवगत कराया गया कि आरोपित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इस पर आयोग के अध्यक्ष ने स्पष्ट टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है, तो इससे यह सिद्ध होता है कि घटना हुई है। आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए चार सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की और संकेत दिए कि रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मानवाधिकार कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता नरेश पारस ने ही इस प्रकरण की शिकायत उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग में दर्ज कराई थी।
__________________________________________
जुलाई तक पूरा करें नया सिविल टर्मिनल - डीएम
आगरा, 05 फरवरी। खेरिया हवाई अड्डे पर निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल धनौली का गुरुवार को जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक (अभियांत्रिकी) एवं प्रोजेक्ट प्रभारी अनूप चन्द्र श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी को न्यू सिविल एन्क्लेव की रूपरेखा और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना का अधिकांश कार्य पूर्णता की ओर है और इसे तय समयसीमा में पूरा कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की बारीकी से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सिविल टर्मिनल को इसी साल जुलाई माह तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। साथ ही उन्होंने टर्मिनल परिसर में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments