रामाशीष कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग, लाखों का वारदाना जला
आगरा, 17 फरवरी। थाना डौकी थाना क्षेत्र के गहनू गांव स्थित रामाशीष कोल्ड स्टोरेज में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आलू के खाली जूट के बोरे (वारदाना) आग की चपेट में आ गए। कोल्ड स्टोरेज के अंदर घना धुआं भर गया। राहत की बात रही कि वहां मौजूद सभी कर्मचारी समय रहते बाहर निकल आए। किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
खबरों के अनुसार कोल्ड स्टोरेज परिसर में बिजली लाइन की नियमित जांच और मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज स्पार्किंग हुई और चिंगारी पास में रखे जूट के बोरों के ढेर पर जा गिरी। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगते ही पूरे स्टोरेज में काला धुआं फैल गया, जिससे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
आग में बड़ी संख्या में रखा आलू का वारदाना पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग की तपिश से कोल्ड स्टोरेज के अंदरूनी ढांचे और उपकरणों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर लगभग काबू पा लिया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments