सुपर ओवर में जीती पीटर्स सुपरकिंग्स, लॉरेंस यूनाइटेड भी विजयी
आगरा, 13 फरवरी। सेंट पीटर्स कॉलेज ओल्ड बॉयज एसोसिएशन द्वारा पूर्व छात्रों के लिए आयोजित ओसवाल क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को स्टार वर्ग के दो मैच खेले गए। पहले मुकाबले में पीटर्स सुपरकिंग्स ने सुपर ओवर में मुकाबला जीता, जबकि दूसरे मुकाबले में लॉरेंस यूनाइटेड विजयी रही।
फ्रांसिस एवेंजर्स और पीटर्स सुपरकिंग्स के मध्य खेला गया उद्घाटन मैच काफ़ी रोमांचक रहा जिसका फैसला सुपर ओवर में हुआ। मैच में टॉस फ्रांसिस एवेंजर्स ने जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। पीटर्स सुपरकिंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 159 रन बनाये। अर्चित सहगल ने 39 यतिन खंडेलवाल ने 28, दिवनव गोस्वामी ने 25 और तनय शाक्य ने 18 रन बनाये। रोहन वर्मा ने तीन और रक्षित सहगल व संदर्भ सिंघल ने 1-1 विकेट लिए।
जवाब में फ़्रांसिस एवेंजर्स ने भी 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 159 रन बनाकर स्कोर बराबर कर दिया। अर्जुन शर्मा ने 81 और तन्मय गर्ग ने 25 रन बनाये। अर्चित सहगल और अभिनव टंडन ने 2-2 व सक्षम मित्तल और दिवनव गोस्वामी 1-1 विकेट लिया। सुपर ओवर में फ़्रांसिस एवेंजर्स ने अपने दोनों विकेट बिना किसी रन बनाये खो दिए और पीटर्स सुपरकिंग्स ने सुपर ओवर की पहली गेंद पर एक रन बनाकर मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अर्चित सहगल को दिया गया।
दूसरे मैच में टॉस पॉल्स टाइटन ने जीता और पहले बल्लेबाज़ी करने का निर्णय लिया और 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 166 रन बनाये। साइरस जोसफ ने 58 पवनदीप सिंह ने 27 और चैतन्य मित्तल ने 19 रन बनाये। प्रथम पाराशर ने 3 व पुलकित मिश्रा और शहजान ख़ान ने 1-1 विकेट लिया।
जवाब में लॉरेंस यूनाइटेड ने मात्र 17.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 167 रन बनाकर मैच जीत लिया। सक्षम ढींगरा ने 53 शहज़ान ख़ान नें 42 (नाबाद) और प्रथम पाराशर ने 39 रन की पारी खेली। अमन यादव अंशुल आनंद और साइरस को 1-1 विकेट मिला। प्रथम पाराशर को इस मैच का मैन ऑफ़ द मैच घोषित किया गया। मैच के अंपायर श्याम सुंदर और वकार अहमद रहे। स्कोरिंग मनु और कमेंट्री नरेंद्र शर्मा ने की।
इस अवसर पर डॉ. पराग गौतम ,डॉ. राजीव फ़िलिप, रामानंद चौहान, अनमोल कोहली, अमित शुक्ला, हर्ष शर्मा, मुकेश असवानी मौजूद रहे। शनिवार को स्टार्स वर्ग का पहला मैच लॉरेंस यूनाइटेड और फ्रांसिस एवेंजर्स के मध्य और दूसरा मैच पीटर्स यूनाइटेड और पॉल्स टाइटन के बीच खेला जाएगा।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments