ब्रज का कण-कण वंदनीय : आरिफ मोहम्मद खान || प्रख्यात गीतकार संतोष आनंद सहित ब्रज की 12 विभूतियों को मिला ‘ब्रज रत्न अवार्ड’

आगरा, 12 फरवरी। ब्रज मंडल की 12 विभूतियों को गुरुवार को फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। इन विभूतियों ने कला, साहित्य, संस्कृति, संगीत, अभिनय, खेल और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि ब्रजभूमि वह पावन धरती है, जहां से भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया गीता का संदेश पूरे विश्व में गुंजायमान है। उसमें त्याग, समर्पण और सेवा का संदेश निहित है, जिसे आज की युवा पीढ़ी को आत्मसात करना चाहिए।
विख्यात गीतकार संतोष आनंद को सम्मानित करने के लिए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान मंच से नीचे आए। सम्मानित करने के उपरांत उन्होंने स्वयं उनकी व्हीलचेयर संभाली और संतोष आनंद को दीर्घा तक पहुंचाया। 
उनके अलावा राष्ट्र गौरव सम्मान से पद्मश्री फ्रेडरिक इरिना ब्रूनिंग (गौसेवक) और आईपीएस नवनीत सिकेरा, अमरत्व सम्मान से स्व. शैलेन्द्र कुमार — हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध गीतकार, ब्रज रत्न अवार्ड से संतोष आनंद — प्रख्यात गीतकार, पंकज कालरा — फिल्म एवं टीवी अभिनेता,  हेमंत बृजवासी — गायक, डॉ. (ब्रिगेडियर) अमरजीत सिंह — चिकित्सक, शिक्षक एवं पूर्व सैन्य अधिकारी, प्रो. डॉ. शशि तिवारी — साहित्यकार एवं कवयित्री, डॉ. नीलू शर्मा — कथक नृत्यांगना एवं तबला वादक सोनिया शर्मा — पैरा-शूटर, ब्रज श्री सम्मान से भगवताचार्य पं. मृदुलकांत शास्त्री, ब्रज विशिष्ट सम्मान से डॉ. आर. सी. मिश्रा — वरिष्ठ न्यूरोसर्जन को सम्मानित किया गया।
अतिथियों का स्वागत इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के चेयरमैन पूरन डावर, सलाहकार समिति के चेयरमैन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह, लघु उद्योग निगम के चेयरमैन राकेश गर्ग, वाइस चेयरमैन राजेश गर्ग, डॉ. सुशील गुप्ता, एसबीआई के डीजीएम संजय कुमार सिंह, संस्कृति यूनिवर्सिटी के चांसलर सचिन गुप्ता, डॉ. अशोक शर्मा, राममोहन कपूर, शकुन बंसल एवं राजीव वासन ने किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. तरुण शर्मा ने किया। व्यवस्थाएं इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष मधुसूदन भट्ट, महासचिव अजय शर्मा एवं संयोजक बृजेश शर्मा ने संभाली।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments