Agra News: खबरें आगरा की....

ब्राह्मण समाज के लोगों ने किया फिल्म के खिलाफ अर्द्धनग्न प्रदर्शन
आगरा, 07 फरवरी। फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के विरोध में शनिवार को आवास विकास कालोनी स्थित परशुराम चौक पर ब्राह्मण समाज के लोगों ने एकजुट होकर फिल्म के नाम और कथानक के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ लोग अर्धनग्न होकर, चोटी खोलकर और शंख बजाते हुए नजर आए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि फिल्म के जरिए पंडित समाज और सनातन धर्म की छवि को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। धार्मिक पहचान से जुड़े एक पात्र को भ्रष्टाचार जैसे आरोपों से जोड़कर पूरे समुदाय को बदनाम करने का प्रयास किया गया है, जो किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। प्रदर्शन में सुनील शर्मा, मदन मोहन शर्मा समेत अनेक लोग शामिल थे।
__________________________________________
व्यापार संगठन ने दिया योगी को धन्यवाद, मोदी से भी मांग 
आगरा, 07 फरवरी। आगरा मंडल व्यापार संगठन ने शनिवार को एक बैठक कर चीनी माँझे की बिक्री व इस्तेमाल करने वालों पर हत्या का केस दर्ज किए जाने के प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश का स्वागत किया।
बैठक में कहा गया कि पिछले काफी समय से चीनी माँझा आमजन, बच्चों एवं पशु-पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो चुका है। चीनी माझा नायलॉन थ्रेड, सिंथेटिक थ्रेड, वर्क कोटक विद ग्लास थ्रेड से बना होता है। 
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मांग की गई कि ऑनलाइन गेमों पर रोक लगाई जाए क्योंकि बच्चों को इसकी लत लग जाती है फिर बच्चे आत्महत्या जैसा घातक कदम उठा रहे हैं। हाल ही में गाजियाबाद में तीन सगी बहनों ने कोरियन कॉन्टेस्ट के प्रभाव में आकर आत्महत्या कर ली, यह बहुत ही दुखद है। बैठक में संगठन के गिरीश चंद्र गोयल, त्रिलोक चंद शर्मा, चरणजीत थापर, रिंकू अग्रवाल, राजीव गुप्ता, नीतू अग्रवाल, प्रदीप लूथरा, राजकुमार अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, सचिन गर्ग, सत्येंद्र अग्रवाल, अशोक गोयल मौजूद थे।
__________________________________________
ताज हाफ मैराथन रविवार को, दौड़ेंगे ढाई हजार धावक
आगरा, 07 फरवरी। आगरा स्पोर्ट्स फाउन्डेशन, एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन एंड डिस्टेंस रेसेस और नगर निगम द्वारा आगरा ताज हाफ मैराथन के तीसरे संस्करण का शुभारम्भ आठ फरवरी, रविवार को सदर स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम पर सुबह 5:30 बजे किया जाएगा। 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर के प्रारूप में मैराथन के लिए कुल ढाई हजार धावक तय रूट पर दौड़ेंगे। शनिवार को 300 धावकों ने स्पॉट रजिस्ट्रेशन भी करवाया। आयोजकों द्वारा स्टेडियम की टीटी हाल में टी-शर्ट लॉन्च करने के बाद सभी 2500 धावकों को टी-शर्ट और विब वितरण के साथ-साथ रूट की जानकारी भी दी गई।
आगरा स्पोर्ट्स फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल, ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के अध्यक्ष संदीप ढल, आयोजन सचिव डॉ. संजय गुप्ता और कार्यक्रम समन्वयक गोपाल शर्मा ने बताया कि 8 फरवरी, रविवार को सुबह 5:30 बजे 21 किलोमीटर, सुबह 6:00 बजे 10 किलोमीटर और सुबह 7:00 बजे 5 किलोमीटर की मैराथन रेस शुरू होगी। रेस के एक घंटे पहले धावकों को स्टेडियम में रिपोर्ट करना होगा। मैराथन रूट पर धावकों के लिए आपातकालीन स्थिति के लिए एंबुलेंस सहित चिकित्सा सुविधा और हाइड्रेशन पॉइंट की सुविधा रहेगी। 
__________________________________________
एक्सप्रेसवे के हर 20-25 किमी पर हों हाॅल्टिंग जोन और सख्त निगरानी
आगरा, 07 फरवरी। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं सड़क-सुरक्षा कार्यकर्ता के.सी. जैन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को पत्र भेजकर यमुना एक्सप्रेस-वे तथा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बार-बार हो रही दुर्घटनाओं के कारणों को रेखांकित करते हुए तत्काल लागू किए जा सकने वाले समाधान सुझाए हैं।
पत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मथुरा जनपद के अंतर्गत शनिवार को घटित भीषण सड़क दुर्घटना का भी जिक्र किया गया है। इस दुर्घटना में लघुशंका के लिए बस से उतरे यात्रियों को तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया और छह लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पत्र में कहा गया कि यह कोई आकस्मिक दुर्घटना नहीं थी, बल्कि एक्सप्रेस-वे पर उचित ठहराव स्थलों हाॅल्टिंग व जनसुविधा स्थल का अभाव,  यात्रियों की मूलभूत आवश्यकताओं (शौच, पानी, विश्राम) के लिए सुरक्षित स्थानों की कमी तथा बसों व अन्य वाहनों का अनधिकृत रूप से एक्सप्रेस-वे पर रुकना, आदि कारणों ने मिलकर यात्रियों को सीधे मौत के जोखिम में डाल दिया।
पत्र में सुझाव दिया गया कि आगरा-लखनऊ और यमुना एक्सप्रेस-वे जैसे लंबे मार्गों पर हर 20-25 किलोमीटर पर छोटे, सुव्यवस्थित हाॅल्टिंग व जन सुविधा केन्द्र जिसमें हो स्वच्छ शौचालय, पीने का पानी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था व बसों एवं निजी वाहनों के लिए अलग-अलग सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था की जानी चाहिए। एक्सप्रेस-वे पर अनधिकृत ठहराव पर पूर्ण प्रतिबंध लगना चाहिए, विशेष रूप से बसों द्वारा सवारी चढ़ाने-उतारने पर भारी जुर्माना एवं परमिट संबंधी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पत्र में आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली, रीयल-टाइम अलर्ट और नियंत्रण कक्ष से सीधा जुड़ाव के भी सुझाव दिए गए हैं।
__________________________________________
गायत्री सुपरकिंग्स बास्केटबॉल लीग के फाइनल में 
आगरा, 07 फरवरी। बास्केटबॉल लीग के पहले सेमीफाइनल में गायत्री सुपर किंग्स ने कोर्ट योद्धा को एक रोमांचक मुकाबले में 66-58 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
पहले क्वार्टर में कोर्ट योद्धा 17- 9 से आगे थी किंतु दूसरे क्वार्टर में गायत्री सुपर किंग्स 35-32 से आगे हो गई। तीसरे क्वार्टर में भी गायत्री सुपर किंग्स 48- 47 से आगे थी और चौथे और फाइनल क्वार्टर में 66-58 से इस मैच को अपने नाम कर लिया और फाइनल में प्रवेश किया।
कोर्ट योद्धा की ओर से मोहम्मद कैफ, भारत, अंकुश, वैभव का खेल शानदार रहा जबकि गायत्री सुपर किंग्स की ओर से हरीश, हिमांशु, उदित, विशाल और सिवान का खेल शानदार रहा। दूसरा सेमीफाइनल आगरा ताजमहल और थंडरबर्ड के बीच खेला गया।
इस मैच को निर्णायकों की भूमिका में सचिन दत्त जोशी शैलेंद्र सोनी राहुल सक्सेना दीपक कुमार हरेंद्र प्रताप शर्मा प्रशांत भारद्वाज, अयंत राणा, मनीष वर्मा थे।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments