एकाउंटेंट निकला चिराग फुटवियर में चोरी का मास्टरमाइंड, चार गिरफ्तार
आगरा, 07 फरवरी। थाना नाई की मंडी पुलिस ने नालबंद में फुटवियर शोरूम में हुई 11 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी का मास्टरमाइंड कोई बाहरी नहीं, बल्कि दुकान में काम करने वाला कर्मचारी राहुल ही निकला। उसका एक अन्य साथी फरार है।
गौरतलब है कि विगत 31 जनवरी की रात नाई की मंडी क्षेत्र स्थित चिराग फुटवियर शोरूम की छत का गेट तोड़कर चोरों ने प्रवेश किया और गल्ले में रखे 11 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात से पहले और बाद में पहचान छिपाने के इरादे से सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। पुलिस को दुकान के कर्मचारी राहुल पर शक हुआ। कड़ी पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रचने की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने शुक्रवार को पंचकुइयां कब्रिस्तान के पास से समीर, राहुल सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पाँचवाँ आरोपी पवन फरार है। वह राहुल का भाई है। राहुल फुटवियर शोरूम में एकाउंटेंट था। उसी ने चोरी की पूरी योजना बनाई थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 6.57 लाख रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें और लोहे का सब्बल बरामद किया, जिसका इस्तेमाल छत का गेट तोड़ने में किया गया था।
पुलिस के अनुसार, राहुल पहले से शोरूम की गतिविधियों, नकदी रखने की जगह और सुरक्षा व्यवस्था से परिचित था, इसी का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
_____________________________________
Post a Comment
0 Comments