फतेहाबाद रोड पर होटल के रूफटॉप स्टोररूम में भड़की आग, अफरातफरी के बीच लोग बाहर भागे
आगरा, 07 फरवरी। थाना ताजगंज क्षेत्र में फतेहाबाद मार्ग स्थित होटल ताज हाइट में शनिवार की रात आग लग गई। प्राथमिक सूचनाओं के अनुसार, यह आग होटल के छत पर बने स्टोर रूम में लगी। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देख अफरातफरी मच गई। होटल में धुआं भर गया, जिससे वहां ठहरे लोग बाहर निकल कर भागे। सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। ऊपर के फ्लोर का दरवाजा बंद था। आग बुझाने के लिए दरवाजा तोड़ा गया। इसके बाद आग बुझाई गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि होटल के रूफ टॉप पर आग की लपटें उठती देखी गईं। शीघ्र ही आग भड़क गई। होटल से लोग नीचे की ओर भागने लगे। बताया गया है कि होटल के बेसमेंट में समारोह चल रहा था। आग की सूचना पर लोग बाहर भागे। होटल में धुआं भर गया। दूर से धुआं उठता दिखाई दे रहा था।
होटल के प्रबंधक अनिल गुप्ता ने बताया कि चौथी मंजिल पर स्टोर था। उसमें रजाई-गद्दे रखे थे। उनमें आग लगी। होटल कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड ने मिलकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments