Agra news: खबरें आगरा की....

वाणिज्य बंधु बैठक में व्यापारियों ने उठाईं समस्याएं
आगरा, 03 फरवरी। कलक्ट्रेट सभागार में एडीएम वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिला वाणिज्य बंधु समिति की बैठक में व्यापारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को अवगत कराया।
बैठक में सेवला से मार्क रोल एन एच टू, संजय प्लेस पार्किंग, शूज मार्किट में दुकानों के आवंटन, खेरिया मोड़ आरओबी, लोहामंडी थाने के निकट की सड़क पर यातायात समस्या, शहर के घने इलाकों में व्यवसायिक क्षेत्रों में नगर निगम पार्किंग और ताजगंज के दुकानदारों की परेशानी के मुद्दे उठाए गए।
बैठक में जिला वाणिज्य बंधु समिति के सचिव डीसी प्रशासन एम के सिंह, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार यादव, टोरेंट पावर से अजयकुमार, ट्रैफिक पुलिस से टी आई बलवीर सिंह उपस्थित रहे। व्यापारियों की ओर से जय पुरसनानी, कन्हैया लाल राठौड़, राकेश बंसल, राजेश राठौड़, राजीव गुप्ता, देवेन्द्र गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, विजय सामा, जसबीर सिंह आदि उपस्थित रहे।
_________________________________________
सोबती ने प्रधानमंत्री मोदी को दी बधाई
आगरा, 03 फरवरी। अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत किये जाने पर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह सोबती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। 
प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में उन्होंने कहा कि यह भारत सरकार के कूटनीतिक प्रयासों के कारण सम्भव हो पाया। इसके फलस्वरूप देश में उत्सव जैसा माहौल है। इस टैरिफ के गिरने से देश के निर्यातकों को राहत की साँस मिली है। देश का निर्यात अब सर्वोच्च स्तर पर पहुंचेगा। देश की अर्थव्यवस्था को एक नई ऊँचाई मिलेगी और भारत को विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने में सहायता मिलेगी।
_________________________________________
चमत्कारों के पीछे है विज्ञान, दूर रहें अंधविश्वास से
आगरा, 03 फरवरी। केदारनाथ सेक्सरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में मंगलवार को अंधविश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम में विज्ञान संचारक मेरठ की अलीशा ढाका ने कई तथाकथित चमत्कारों का प्रदर्शन किया और उनके पीछे छिपे विज्ञान को समझाया।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के तत्वावधान में जिला विज्ञान क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने पानी से दीपक जलाना, सर पर चाय बनाना, जीभ पर कपूर जलाना और बिना आग के मोमबत्ती जलाने जैसे प्रयोग दिखाकर विद्यार्थियों को दंग कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैसे ढोंगी बाबा भौतिक और रासायनिक विज्ञान के सिद्धांतों का उपयोग कर आम जनता को मूर्ख बनाते हैं। क्षेत्रीय वैज्ञानिक अधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को समाज से अंधविश्वास मिटाने के लिए जन चेतना का अग्रदूत बनना चाहिए और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में एक नवीन सोच उत्पन्न करने में सहायक बनेंगे जो अंधविश्वास के विरुद्ध विज्ञान को अपनाने की प्रेरणा देंगे। 
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय वैज्ञानिक अधिकारी डॉ.ए.के सिंह ,विद्यालय की प्रधानाचार्या उज्जवल जैन व निर्णायक सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। जिला समन्वयक डॉ. निखिल जैन ने बताया कि कैसे बाबा लोग अंधविश्वास को बढ़ावा देते हुए कई बार भोले भाले आम जन को मूर्ख बनाते हैं और उन्हें ठगते हैं।
कार्यक्रम में कई प्रतियोगिताओं जैसे पोस्टर प्रतियोगिता, नाटक प्रतियोगिता, स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ जिसमें जनपद से आए कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रत्येक विद्यार्थी को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया व साथ ही प्रत्येक प्रतियोगिता में चयनित प्रथम, द्वितीय,तृतीय व पाचं सांत्वना स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र के साथ पुरस्कृत भी किया गया।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments