शादी के नौ महीने बाद भी पति ने नहीं बनाए संबंध, देवर ने की अश्लील हरकतें, पत्नी की शिकायत पर जांच में जुटी पुलिस

आगरा, 03 फरवरी। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने अपने दिल्ली निवासी पति पर शादी के नौ महीने बीतने पर भी शारीरिक संबंध न बनाने, देवर पर अश्लील हरकतें करने और ससुरालीजनों पर दहेज हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया है।
खबरों के मुताबिक, लगभग 28 वर्षीया पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा कि उसकी शादी 29 अप्रैल, 2025 को दिल्ली निवासी युवक से हुई थी। शादी के नौ महीने बीतने पर भी पति ने कभी शारीरिक संबंध नहीं बनाए। शादी के कुछ दिनों बाद दोनों हनीमून के लिए मनाली गए, लेकिन वहां भी पति ने शारीरिक संबंध नहीं बनाए। हर बार तबीयत खराब होने की बात कहकर टालता रहा।
घर लौटने पर युवती ने डॉक्टर को दिखाने की बात कही, तो पति ने इनकार कर दिया और उस पर चिल्लाने लगा। पीड़िता का कहना है कि उसने इस पूरी स्थिति की जानकारी सास और ससुर को दी तो उन्होंने कहा कि हमें पता है कि बेटा संबंध नहीं बना सकता। हमारा छोटा बेटा अविवाहित है, उसी से वंश आगे बढ़ेगा। 
पीड़िता का कहना है कि इसके बाद एक दिन देवर गलत नीयत से उसके कमरे में आ गया और अश्लील हरकतें करने लगा। जब उसने पति और ससुराल वालों से शिकायत की, तो सभी ने देवर का पक्ष लिया और उस पर दबाव बनाया गया कि अगर विरोध किया तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। महिला का आरोप है कि जब उसने विरोध किया और अपनी सुरक्षा की मांग की, तो उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह मायके आ गई।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी में उसके परिवार ने करीब 50 लाख रुपये खर्च किए, जिसमें 25 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और घर-गृहस्थी का सामान शामिल था। आरोप है कि शादी के एक सप्ताह के भीतर साजिश के तहत उसके सभी आभूषण ले लिए गए। 
थाना जगदीशपुरा पुलिस ने  पति, देवर और ससुराल पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments