सेंट पीटर्स ओल्ड बॉयज क्रिकेट: पॉल्स टाइटन फाइनल में, पीटर्स सुपरकिंग्स भी जीती
आगरा, 26 फरवरी। सेंट पीटर्स कॉलेज ओल्ड बॉयज एसोसिएशन द्वारा पूर्व छात्रों के लिये आयोजित ओसवाल क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को भी सुपर लीजेंड्स वर्ग के लीग मुक़ाबले खेले गये। सेंट जोन्स कॉलेज के मैदान पर खेले गये पहले मैच में पीटर्स सुपरकिंग्स ने फ़्रांसिस एवेंजर्स को 5 विकेट से पराजित किया। दूसरे मैच में पॉल्स टाइटन लॉरेंस यूनाइटेड को 12 रन से हराकर इस वर्ग के फाइनल में पहुँचने वाली पहली टीम बनी। फाइनल में दूसरी टीम का फैसला शुक्रवार के मैच से होगा।
पहले रोमांचक मुकाबले में पीटर्स सुपरकिंग्स ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए फ्रांसिस एवेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। विवेक द्विवेदी ने 72 और सौरभ खन्ना ने 52 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। पीटर्स सुपरकिंग्स की ओर से रोहित गुप्ता ने 3 व अनमोल असीजा, चंदन और किशन कलरा ने 1-1 विकेट प्राप्त किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पीटर्स सुपरकिंग्स ने 19.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 157 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच अंतिम ओवर तक बेहद रोमांचक बना रहा। राकेश विज ने 42 गेंदों में 50 रनों की शानदार पारी खेली। अंकुर अग्रवाल ने 37 रन बनाए, जबकि किशन कलरा ने 18 रनों का योगदान दिया। फ्रांसिस एवेंजर्स के सौरभ खन्ना और रुचिर मेहता ने 2-2 विकेट लिए। राकेश विज को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दूसरे मुकाबले में पॉल्स टाइटन्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए। पॉल्स टाइटन्स की ओर से यश उपाध्याय ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 52 रन बनाए। उनके अलावा शशांक कौल ने 39 रन, अमन ने 22 रन तथा गौरव माथुर ने 19 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। गेंदबाजी में सागर भटनागर और अमित शुक्ला ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि एक विकेट गौरव टंडन के खाते में गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लॉरेंस यूनाइटेड की टीम 4 विकेट के नुकसान पर 152 रन ही बना सकी और 12 रन से मुकाबला हार गई। लॉरेंस यूनाइटेड के नितिन अग्रवाल ने 53, अक्षत रल्हन ने 21 रन तथा अमित चौहान ने 19 रनों का योगदान दिया। पॉल्स टाइटन्स की ओर से नरेंद्र रमानी ने 2 विकेट झटके, जबकि पुनीत खंडेलवाल और स्वप्निल सिंह ने 1-1 विकेट प्राप्त किया। यश उपाध्याय को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच के अंपायर श्याम सुंदर और वकार अहमद रहे जबकि स्कोरिंग मनु ने और कमेंटरी नरेंद्र शर्मा ने की। इस अवसर पर भारत महाजन, डॉ. पराग गौतम, डॉ. राजीव फ़िलिप, रामानंद चौहान, डॉ. निशांत चौहान, अनमोल कोहली, उदय गोयल, हर्ष शर्मा आदि उपस्थित रहे।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments