Agra News: खबरें आगरा की.....
वैश्य समाज अपने संस्कारों और मूल्यों को पुनर्स्थापित करे - पुरुषोत्तम खंडेलवाल
आगरा, 24 फरवरी। भारतीय वैश्य महासभा द्वारा 23 फरवरी को महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी में होली मिलन एवं सम्मान समारोह संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वैश्य समाज यदि अपने संस्कारों और मूल्यों को पुनर्स्थापित कर ले तो समाज की अधिकांश समस्याएँ स्वतः समाप्त हो सकती हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने प्रदेश में जनसंख्या के अनुपात में वैश्य समाज के कम राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर चिंता व्यक्त करते हुए वैश्य बाहुल्य क्षेत्रों में समाज के प्रतिनिधियों को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की।
महासचिव संजीव कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि संगठन पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जनपदों एवं तहसीलों में स्थापित हो चुका है। फतेहपुर सीकरी विधानसभा से अशोक कुमार अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन अछनेरा अवनीश गुप्ता (शम्साबाद), फतेहाबाद तथा एत्मादपुर विधानसभा से वीरेन्द्र कुमार मित्तल द्वारा चुनाव लड़ने की घोषणा की गई।
समारोह में डॉ. गरिमा गुप्ता, आराध्या गोयल, भूमि अग्रवाल, आशी मित्तल एवं तनिष्का जैन को विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान हेतु प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गीता वार्ष्णेय, राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला सभा, सत प्रवीर गुप्ता, राष्ट्रीय महासचिव , राम किशन अग्रवाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल, स्वागताध्यक्ष, डॉ प्रकाश चंद गुप्ता (प्रत्याशी विधान परिषद) सहित अनेक पदाधिकारियों ने विचार व्यक्त किए। महेश गोयल ने वैश्य समाज को होली की शुभकामनाएँ दीं। महानगर एवं जिला आगरा की महिला पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। संचालन राकेश गुप्ता द्वारा किया गया।
__________________________________________
आगरा के साहित्यकार शीलेंद्र कुमार वशिष्ठ को दिल्ली में साहित्य शिरोमणि सम्मान
आगरा, 24 फरवरी। गायत्री साहित्य संस्थान, सिविल लाइंस, नई दिल्ली द्वारा शर्मा न्यू आर्ट्स कॉलेज में 11वां स्थापना दिवस और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संस्थान की संस्थापिका बबली वशिष्ठ द्वारा अपने माता-पिता की स्मृति में आयोजित इस समारोह में साहित्यकारों और पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
समारोह में उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान द्वारा खंडकाव्य रावण वध के लिए जयशंकर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित आगरा के वरिष्ठ कवि-साहित्यकार शीलेंद्र कुमार वशिष्ठ को 'गायत्री साहित्य शिरोमणि' सम्मान प्रदान किया गया। समारोह की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा सदस्य संतोष कुमार खन्ना ने की। दिल्ली साहित्य अकादमी के उप सचिव ऋषि कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वरिष्ठ साहित्यकार अशोक मधुप, इसहाक खान (दूरदर्शन), अरुण कुमार पासवान (आकाशवाणी), प्रेम कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
__________________________________________
संगीतमय सुंदरकांड से भाव विभोर हुए भक्त
आगरा, 24 फरवरी। फाल्गुन मास एवं होली के पावन पर्व की हर्षोल्लास के बीच माल रोड स्थित प्राचीन दक्षिणमुखी श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर (जंगल वाले बाबा) में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।
सुंदरकांड का गायन प्रसिद्ध भजन गायक बलवीर सिंह बल्लो, रजत शमशाबादी द्वारा भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित भक्तों को प्रभु श्रीराम और हनुमान जी की भक्ति में भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर मंदिर को भव्य फूलों से सजाया गया।
महंत योगेश भारद्वाज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि सुंदरकांड का पाठ जीवन के कष्टों को दूर कर मन में शक्ति, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
इस अवसर पर समाजसेवी श्याम भोजवानी, माधव भारद्वाज, अमित कपूर, पंकज सचदेवा,
अमन वाही, गोपाल शुक्ला, पंकज, अमित, मनोज, रामनिवास गुप्ता, टिकम सिंह, समीर सहित अन्य सेवाभावी श्रद्धालु उपस्थित रहे।
__________________________________________
हुनर से व्यापार, तरक्की का आधार
आगरा, 24 फरवरी। एम.एस.एम.ई.विकास कार्यालय द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त एवं तृतीय स्तर पर पंजीकृत लाभार्थियों के लिए एक दिवसीय पीएम विश्वकर्मा जागरूकता कार्यक्रम का मंगलवार को सागर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, टूंडला फिरोजाबाद में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को उत्पाद के मूल्य निर्धारण, बाजार में प्रभावी प्रस्तुति, वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता, विक्रय रणनीतियाँ, प्रभावी विज्ञापन तकनीकें, आकर्षक पैकिंग, लेबलिंग एवं डिजाइनिंग के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही ऑनलाइन विक्रय प्लेटफॉर्म, क्यूआर कोड के माध्यम से उत्पाद के प्रचार-प्रसार एवं बिक्री बढ़ाने, ऑर्डर डिलीवरी प्रक्रिया के व्यावहारिक अनुभव तथा इन्वेंट्री प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी प्रदान की गईं। कार्यक्रम में अभिषेक सिंह, सहायक निदेशक, डॉ. सीमा सिंह, प्रोफेसर, एस.पी.सी.जे. इंस्टीट्यूट ऑफ कॉमर्स मैनेजमेंट, शत्रुघ्न दिवाकर, सहायक प्रबंधक, सुरेंद्र सागर प्रधानाचार्य, सागर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, रमन कांत, मुख्य प्रबंधक, जिला अग्रणी बैंक, फिरोजाबाद; तथा यादराम सिंह, डी.पी.एम.यू द्वारा विभिन्न विषयों पर व्याख्यान देकर प्रशिक्षणार्थियों को लाभान्वित किया गया।
__________________________________________
पूरी तरह डिजिटल एवं पेपरलेस होगी जनगणना- जिलाधिकारी
आगरा, 24 फरवरी। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन एवं संचालन हेतु जिला स्तरीय "जनगणना समन्वय समिति" की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि यह जनगणना भारत की 16 वीं और स्वतंत्रता के बाद की 08 वीं जनगणना होगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह जनगणना पहली बार पूरी तरह से डिजिटल मोड में आयोजित की जाएगी, जिसमें नागरिकों के लिए स्व-गणना का भी प्रावधान होगा। इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनेगी।
बैठक में एडीएम वित्त व राजस्व ने बताया कि वर्ष 2027 में होने वाली जनगणना पूरी तरह डिजिटल एवं पेपरलेस माध्यम से कराई जाएगी। दूसरे चरण की मतगणना 09 फरवरी से की जाएगी, नागरिकों को मोबाइल एप के जरिए स्वयं अपना विवरण दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित एप डाउनलोड कर आवश्यक जानकारियां भरनी होंगी।
बैठक में बताया गया कि जनगणना-2027 के संबंध में 04 मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण के लिए लखनऊ भेजे गए हैं, जबकि जनपद में 160 फील्ड ट्रेनर तैनात किए जाएंगे, नगर निगम हेतु 64 फील्ड ट्रेनर, 10527 प्रगणक तथा 1700 से अधिक सुपरवाइजर तैनात होंगे, जिनका प्रशिक्षण का कार्य मास्टर ट्रेनर द्वारा किया जाएगा। बैठक में जनगणना अधिनियम, नियमों और कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
__________________________________________
आर्यन और वैशाली बने ओवरऑल चैम्पियन
आगरा, 24 फरवरी। आर.बी.एस. कॉलेज में वार्षिक एथलेटिक मीट उमंग 2026 का समापन मंगलवार को हुआ। उमंग 2026 में संपन्न विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में ओवरआल चैंपियन पुरुष वर्ग में आर्यन्, बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर, महिला वर्ग में वैशाली वासधानी, बी.काम. षष्ठ सेमेस्टर रहीं।
मुख्य अतिथि राजा अनिरुद्धपाल सिंह, उपाध्यक्ष, राजा बलवंत सिंह एजुकेशनल सोसाइटी, विशिष्ट अतिथि के रूप में युवराज अम्बरीष पाल सिंह सचिव, बलवंत एजुकेशनल सोसायटी उपस्थित रहे। अध्यक्षता प्रो. विजय श्रीवास्तव, प्राचार्य ने की। अतिथियों के उद्बोधन के पश्चात विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि महोदय द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। मैनेजर ऑफ द मीट डॉ. रुचि श्रीवास्तव रहीं व मंच संचालन डॉ पूनम तिवारी ने किया।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments