Agra News: खबरें आगरा की.......

नारायण सेवा संस्थान जयपुर को ₹5000 की राशि दान
आगरा, 18 फरवरी। माथुर वैश्य इंटरनेशनल महिला झलक क्लब द्वारा सरन नगर दयालबाग रोड पर नारायण सेवा संस्थान जयपुर को विकलांग बच्चों के ऑपरेशन के लिए ₹5000 की राशि दान में दी।
इस अवसर पर शोभा गुप्ता अध्यक्ष, शारदा गुप्ता पी आर ओ, अन्नपूर्णा गुप्ता जॉन चेयरपर्सन, रश्मि गुप्ता सचिन, वर्षा गुप्ता कोषाध्यक्ष, गरिमा गुप्ता, स्वाति गुप्ता, नेहा गुप्ता, कंचन गुप्ता उपस्थित रहीं।
_________________________________________
महिलाओं के लिए 'डे केयर' का प्रोजेक्ट शुरू करेगी अखिल भारतीय महिला परिषद 
आगरा, 18 फरवरी। अखिल भारतीय महिला परिषद की नगर शाखा द्वारा आगामी वर्ष में महिलाओं के लिए ‘डे केयर‘ का प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा, ताकि घरों में अकेली रह गईं महिलाओं के अकेलेपन का तनाव दूर हो सके और उनको एक सुरक्षित और विश्वसनीय स्थान प्रदान किया जा सके।
यह निर्णय अखिल भारतीय महिला परिषद की नगर शाखा द्वारा सेंट जॉन्स चौराहे के पास एक रेस्टोरेंट में आयोजित बैठक में लिया गया। साथ ही, डे केयर का प्रोजेक्ट लेने के लिए आवेदन पत्र भी तैयार किया गया।
बैठक में मानेसर स्थित ब्रह्माकुमारी आश्रम में सम्पन्न हुए वार्षिक चुनाव पर चर्चा के दौरान आरबीएस कॉलेज की पूर्व प्राचार्य, वरिष्ठ साहित्यकार और समाजसेवी डॉ. सुषमा सिंह ने बताया कि वहाँ सम्पन्न हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्होंने कैकेयी के कोप और पूनम तिवारी ने दशरथ के संताप की सराहनीय प्रस्तुति दी। इस दौरान अखिल भारतीय महिला परिषद आगरा शाखा की अध्यक्ष उमा सिंह, चंद्रा महरोत्रा, रजनी सिंह, डॉ. सुषमा सिंह, वर्षा खन्ना, ममता खन्ना, परिषद द्वारा संचालित परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर प्रेम लता सिंह और रूपा भी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
_________________________________________
आगरा से गोवा, सूरत, गुवाहाटी, जम्मू-कश्मीर और वाराणसी के लिए नई उड़ानों पर विस्तृत चर्चा
आगरा, 18 फरवरी। केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल की अध्यक्षता में खेरिया एयरपोर्ट सभागार में हवाई अड्डा सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में एयरपोर्ट पर नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा आगरा से गोवा, सूरत, गुवाहाटी, जम्मू-कश्मीर एवं बौद्ध सर्किट (वाराणसी) हेतु नई उड़ानों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इसके उपरांत केंद्रीय मंत्री ने धनौली स्थित निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल का निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि 441.79 करोड़ रुपये की लागत से 144.07 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस प्रोजेक्ट का 55% कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 30 सितंबर तक इसे पूर्ण कर हैंडओवर किया जाएगा।
नवीन टर्मिनल में अत्याधुनिक सुविधाएँ जैसे 19 चेक-इन काउंटर, 3 एरोब्रिज, मल्टीलेवल पार्किंग, ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, सोलर प्लांट, डिजी यात्रा डिवाइस, रेन वाटर हार्वेस्टिंग आदि उपलब्ध होंगी। केंद्रीय मंत्री ने कार्यदायी संस्था को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए तथा निर्माण श्रमिकों से संवाद कर उन्हें श्रम पंजीकरण, आयुष्मान कार्ड एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
आगरा को 30 सितंबर तक आधुनिक सिविल एयरपोर्ट की सौगात मिलेगी, जिससे पर्यटन एवं स्थानीय विकास को नई गति प्राप्त होगी। 
_________________________________________
राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर शुरू
आगरा, 18 फरवरी। राजा बलवंत सिंह महाविद्यालय परिसर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर के प्रथम दिन स्वच्छता अभियान तथा मतदाता जागरूकता एवं नए वोटरों के लिए वोटर लिस्ट में नाम ऐड करने के लिए फॉर्म 6 वितरित किए गए तथा फार्म भरने की जानकारी दी गई। साथ ही शिविर की आगे की योजना व तैयारी की गई। विशेष शिविर राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आलोक कुमार, डॉ. तरुण कान्त पाठक, डॉ. अंबरीश कुमार, डॉ. धनंजय, डॉ. रुचि श्रीवास्तव एवं डॉ. दिनेश कुमार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
_________________________________________
चांद दिखते ही रमजान की शुरुआत
आगरा, 18 फरवरी। पवित्र रमजान माह का चांद दिखाई देने के साथ ही मस्जिदों में तराबीह की नमाज़ शुरू हो गई। 19 फ़रवरी को पहला रोज़ा रखा जाएगा। चांद दिखाई देने की खबर मिलते ही शहर के बाजारों में सिवईयों, खसरा और खजूर की दुकानों पर खास रौनक देखने को मिली। मुस्लिम समुदाय के लोग सहरी और इफ्तार की तैयारियों के लिए बाजारों में पहुंचे और एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद देते नजर आए।
हिंदुस्तानी बिरादरी के अध्यक्ष डॉ. सिराज कुरैशी ने बताया कि रमजान माह को तीन असरों में बांटा गया है। उन्होंने कहा कि रमजान के दौरान पांचों वक्त की नमाज़ में आम दिनों की तुलना में मस्जिदों में नमाज़ियों की संख्या कहीं अधिक रहती है। इस महीने में रोज़ेदार अल्लाह से अपने गुनाहों की माफी मांगते हैं और विश्वास रखते हैं कि उनकी दुआएं कबूल होती हैं।
_________________________________________





ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments