भरोसे पर चोट: चेन बनाने के लिए कारीगर को दस किलो चांदी दी, वापसी में 35 प्रतिशत ही शुद्ध निकली
आगरा, 07 फरवरी। सोने, चांदी के दामों के आसमान छूने के साथ ही इन बहुमूल्य धातुओं को लेकर अमानत में ख़यानत के मामले भी सामने आ रहे हैं। ताजा मामले में कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित देव श्री ज्वैलर्स के मालिक अक्षय मित्तल ने कारीगर मोहित पर चांदी में हेराफेरी कर लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।
खबरों के मुताबिक, पीड़ित कारोबारी ने कारीगर मोहित को 10.3 किलोग्राम शुद्ध चांदी चैन निर्माण के लिए दी थी। तय समय पर जब तैयार माल वापस मिला और उसकी जांच कराई गई, तो चांदी की शुद्धता मात्र 35 प्रतिशत पाई गई।
इस हेराफेरी से कारोबारी को लगभग 11 लाख, 50 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। कारोबारी अक्षय मित्तल का कहना है कि कारीगर ने जानबूझकर चांदी में मिलावट कर विश्वासघात किया और मूल्यवान धातु को हड़प लिया। अक्षय ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और चांदी की गुणवत्ता, लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों व तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
_____________________________________
Post a Comment
0 Comments