किनारी बाजार में ग्राहक ने उड़ाई 15 लाख की सोने की चेन, सर्राफ को बातों में उलझाया

आगरा, 07 फरवरी। कोतवाली के अंतर्गत किनारी बाजार स्थित सर्राफ की दुकान पर ग्राहक बनकर आया युवक पंद्रह लाख रुपये की सोने की चेन ले उड़ा। दुकानदार को वारदात का पता दुकान बंद करते समय चला, जब उसने आभूषणों का वजन किया तो कम निकला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज देखने पर चोरी की वारदात सामने आ गई।
यह वारदात छह दिन पहले की है। व्यापारी ने अपने स्तर पर युवक का पता लगाने में विफल रहने पर पुलिस की शरण ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
खबरों के अनुसार, कमला नगर निवासी सक्षम जैन की किनारी बाजार में अरिहंत ओर्नामेंटस नाम से होलसेल की दुकान है। विगत 31 जनवरी को सक्षम जैन अपनी पत्नी को दिखाने के लिए डॉक्टर के पास गए थे और दुकान पर उनके पिता मनीष जैन थे। शाम करीब 4.30 बजे मनीष जैन दुकान पर बैठे हुए थे, इसी दौरान बाइक पर दो युवक आए। एक युवक दुकान के अंदर चला गया, उसने सोने की चेन दिखाने के लिए कहा।
मनीष जैन ने सोने की चेन का डिब्बा निकाला और एक के बाद एक कई चेन दिखाईं। इसी दौरान चोर ने उन्हें बातों में फंसा लिया, चेन को हाथ में लेने के बाद उसका वजन कराया। जबकि उसके दूसरे साथी ने दुकान पर तैनात कर्मचारी को एक अन्य दुकान का पता पूछने के बहाने बाहर बुला लिया। इसी बीच युवक ने सोने की एक चेन को अपनी उंगलियों के बीच में दबाने के बाद जेब में रख लिया और कुछ देर बाद खरीदारी किए बिना ही चला गया। रात को दुकान बंद करते समय आभूषणों के डिब्बों का वजन किया तो सोने की चेन वाले डिब्बे का वजन कम था। इसके बाद सीसीटीवी देखे गये तो युवक सोने की चेन की पुड़िया को उंगलियों के बीच में दबाकर जेब में रखते हुए दिखाई दे गया। 
व्यापारी ने पूरी वारदात से डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास को अवगत कराया। उनके निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच में शुरू कर दी है।
____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments