ग्रेटर नोएडा में आईएचजीएफ स्प्रिंग फेयर 14 से, आगरा के हस्तशिल्प का जलवा दिखेगा
आगरा, 12 फरवरी। ऐक्सपोमार्ट ग्रेटर नोएडा में 14 से 18 फरवरी तक लगने वाले "इन्डियन हैंडीक्राफ्ट्स एण्ड गिफट्स फेयर स्प्रिंग 2026" (दिल्ली मेला का 61 वां संस्करण) में ताजनगरी के हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन भी हस्तशिल्प निर्यातकों द्वारा किया जायेगा।
यह मेला 18 अलग अलग हॉल में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पूरे देश से करीब 3000 से अधिक स्टाल लगेंगे और जिसमें से आगरा से 36, फिरोजाबाद से 59, अलीगढ़ से 8, मथुरा से 1 एवं हाथरस से 2 निर्यातक अपने उत्पादों के साथ प्रतिभाग करेंगे।
हैंडीक्राफ्ट्स ऎक्सपोर्टस एसोसिऐशन आगरा के अध्यक्ष रजत अस्थाना ने बताया कि अभी हाल ही में अमेरिका द्वारा टैरिफ में दी गयी छूट की घोषणा तथा साथ ही भारत और यूरोपियन यूनियन के मध्य हुये करारों के चलते इस फेयर में विदेशी क्रेताओं का रूझान मिलेगा।
संस्था के कार्यवाहक सचिव विपनेश कुमार त्यागी ने कहा कि ऐक्सपोर्ट प्रमोशन काउन्सिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स द्वारा आयोजित होने मेले में विदेशी क्रेता के मध्य आगरा के हस्तशिल्प उत्पाद सदैव से प्रचलित रहे हैं।
संस्था के कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि अप्रैल 2025 से लेकर अब तक आगरा से होने वाले हस्तशिल्प के निर्यात में गिरावट आ रही थी जो कि हस्तशिल्प निर्यातकों के लिये परेशानी बनती जा रही थी। ऐसे समय में भी ई पी सी एच द्वारा सरकार से बात करके निर्यातकों की परेशानी के हल के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे थे और ऐसे में यह मेला एक संजीवनी बूटी का काम करने वाला है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments