होली से पहले पकड़ा 1320 किलो 'सफेद जहर', 2.37 लाख का मिलावटी खोया नष्ट कराया
आगरा, 21 फरवरी। आगामी होली पर्व के दृष्टिगत जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रोकथाम हेतु खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शनिवार को छापामारी एवं जाँच अभियान चलाया।
प्रातः आठ बजे बरौली अहीर, शमशाबाद रोड पर वाहन संख्या यूपी 83 डीटी 1441 बोलेरो पिकअप को रोका गया, वाहन में कुल 1320 किलोग्राम खोया (प्रति डलिया 60 किलोग्राम) पाया गया, जो 22 डलियों में रखा था जिसे आगरा खोया मंडी में विक्रय हेतु लाया जा रहा था, जिसकी कुल कीमत लगभग 2,37,600 रुपये (180 रुपये प्रति किलोग्राम ) थी। मौके पर वाहन चालक- नारायण सिंह पुत्र अजमेर सिंह, निवासी- गढ़ी, जोनावद, राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान) ने बताया कि उक्त खोया मालिक राजन सिंह पुत्र मुरारी लाल, निवासी डांडोली, राजाखेड़ा (राजस्थान) है।
एफएसडब्ल्यू मोबाइल लैब द्वारा मौके पर वाहन में भंडारित खोये की जाँच की गई, प्राथमिक जांच में खोया मिलावटी पाया गया। मौके पर वाहन में उपलब्ध खोये से भरी 02 अलग अलग डलियों से खोया के 02 विधिक नमूने नियमानुसार जाँच हेतु संग्रहीत कर प्रयोगशाला भेजे गये हैं।
खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप न पाए जाने एवं अस्वच्छकर एवं अस्वस्थकर परिस्थितियों में भंडारित होने के कारण संपूर्ण खोये को व्यापक जनहित में बमरौली कटारा स्थित डंपिंग जोन में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। विभाग द्वारा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
--------------
Post a Comment
0 Comments