ब्रज धरा साहित्य उत्सव 10-11 को, कई साहित्य-सत्र होंगे, पद्मश्री बलवंत ठाकुर देंगे व्याख्यान, सोम ठाकुर और 11 विभूतियों का सम्मान भी

आगरा, 08 फरवरी। धरा चेतना फाउंडेशन द्वारा ब्रज धरा साहित्य उत्सव 10 और 11 फरवरी को अटल उद्यान (आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट) में किया जाएगा, जिसमें साहित्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, रंगमंच, सिनेमा सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे। इस दो दिवसीय समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ साहित्य और कला प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। पद्मश्री बलवंत ठाकुर साहित्य-रंगमंच और सिनेमा पर अपना व्याख्यान देंगे।
यह जानकारी धरा चेतना फाउंडेशन की अध्यक्ष दीपाली सिंह ने रविवार को आगरा छावनी स्टेशन रोड स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता में दी। मुख्य संरक्षक शेखर दीक्षित ने कहा कि यह विरासत और गौरव को आगे बढ़ाने का प्रयास है। सचिव अक्षय प्रताप सिंह ने बताया कि उद्घाटन समारोह 10 फरवरी को दोपहर दो बजे होगा। मुख्य अतिथि डॉ. गिरधर शर्मा, विशिष्ट अतिथि डॉ. नवीन गुप्ता होंगे। प्रथम सत्र 'ब्रज भाषा के विविध आयाम' होगा। द्वितीय सत्र में 'ब्रज की पत्रकारिता का साहित्य में योगदान' होगा। तृतीय सत्र 'दस्तक' में युवा पीढ़ी के रचनाकार साहित्य पर चर्चा करेंगे।
11 फरवरी को चतुर्थ सत्र सुबह 11 बजे 'साहित्य संस्कृति में शैक्षिक संस्थानों का योगदान' विषय पर होगा। पंचम सत्र दोपहर 12 बजे 'नारी लेखन : अनुभव से अभिव्यक्ति तक' होगा। षष्ठम सत्र 'साहित्य रंगमंच और सिनेमा : शब्द से मंच और पर्दे तक' होगा। सप्तम सत्र 'साहित्य और स्वास्थ्य का अंतर्संबंध' होगा। समारोह का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा।
ब्रज धरा साहित्य उत्सव में इन विभूतियों का होगा सम्मान
समन्वयक द्वय डॉ. महेश धाकड़ और कुमार ललित के अनुसार 'ब्रज धरा साहित्य उत्सव' में 11 फरवरी को शाम 07 बजे समापन समारोह में गीतकार सोम ठाकुर को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया जाएगा। 11 अन्य साहित्य सेवियों को भी सम्मानित किया जायेगा। 'गीत गौरव सम्मान' रामेंद्र मोहन त्रिपाठी, 'ग़ज़ल गरिमा सम्मान' अशोक रावत, डॉ. त्रिमोहन तरल, सुधीर नारायण, 'साहित्य साधक सम्मान' शीलेंद्र कुमार वशिष्ठ, 'साहित्य गौरव सम्मान' प्रो. जय सिंह नीरद, योगेश चंद्र शर्मा योगी, 'साहित्य गरिमा सम्मान' डॉ. कुसुम चतुर्वेदी, डॉ. ज्योत्सना शर्मा, 'साहित्य सेवा सम्मान' आचार्य नीरज शास्त्री, रेनु अंशुल को प्रदान किया जायेगा।
_________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments