डीपीएस के निकट ऑयल मिल कारोबारी ने कार में खुद को गोली मारकर जान दी
आगरा, 08 फरवरी। थाना सिकंदरा क्षेत्र की शास्त्रीपुरम कालोनी में एक ऑयल मिल कारोबारी द्वारा कार के अंदर खुद को गोली मारकर जान दे देने की खबर है।
खबरों के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि शास्त्रीपुरम में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के पास एक कार खड़ी है और उसमें गोली चलने की आवाज आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार को खोलकर देखा तो अंदर एक युवक लहूलुहान था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को कार से तमंचा और नौ हजार रुपये भी मिले।
बताया गया है कि 34 वर्षीय विश्वजीत शास्त्रीपुरम में रहते थे, वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और उनकी शादी नहीं हुई थी। विश्वजीत के पिता अमर राजावत केनरा बैंक में बैंकिंग कोरस्पेंडेंट हैं। विश्वजीत की ऑयल मिल थी।
परिजनों का कहना है कि विश्वजीत का कुछ समय पहले एक्सीडेंट हो गया था और उनका इलाज चल रहा था। वह मानसिक रूप से परेशान थे। वह पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुके थे। एक बार वह दोमंजिला छत से कूद गए थे तो दूसरी बार रेलवे ट्रैक पर जान देने की कोशिश की थी।
शनिवार की रात विश्वजीत घर से तेल मिल जाने की बात कहकर निकले थे। घर से तीन सौ मीटर दूर डीपीएस स्कूल के पास उन्होंने अपनी कार रोकी और तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर स्कूल के गार्ड मौके पर पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। गोली सिर से पार हो गई थी। पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर शव निकाला। पता चला है कि मरने से पहले विश्वजीत ने अपने परिवार को फोन किया और कहा कि अब मैं जीना नहीं चाहता, मन भर गया है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments