Update: चिमनी से फैली सत्तो लाला फूड कोर्ट में भीषण आग, लाखों की क्षति, दो बाइक भी जलीं, फायर ब्रिगेड ने तत्परता से पाया काबू
आगरा, 25 जनवरी। कोठी मीना बाजार के निकट न्यू शाहगंज रोड पर स्थित सत्तो लाला फूड कोर्ट में रविवार की रात्रि करीब आठ बजे लगी भीषण आग पर फायर ब्रिगेड की तत्परता से एक घंटे में काबू पा लिया गया। रेस्टोरेंट में आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
हालांकि आग में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। रेस्तरां का फर्नीचर आदि आग की भेंट चढ़ गया। कहा जा रहा है कि आग में दो मोटर साइकिलें भी जल गईं।
खबरों के अनुसार, इस रेस्तरां की चिमनी से अचानक आग निकली और उसने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें देख रेस्तरां में मौजूद ग्राहकों, संचालकों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और हर कोई बाहर की ओर निकल भागा। देखते ही देखते आग पूरे रेस्तरां में फैल गई। आग के विकराल रूप से बगल की कोठियों और एक निजी बैंक के कार्यालय को भी खतरा पैदा हो गया था। लेकिन फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मेहनत करते हुए आग को फैलने से रोक दिया। आग लगने के कारण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी रोक दी गई। आग से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भी दहशत फैल गई। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेन्द्र कुमार सिंह, अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने भीड़ को दूर किया और अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया।रेस्टोरेंट संचालक दिलीप खंडेलवाल, यश खंडेलवाल ने फायर टीम और थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।
संचालक उत्तमचंद खडेलवाल ने मीडिया को बताया कि रात आठ बजे करीब चिमनी में आग लग गई थी। इसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। रेस्टोरेंट में कुछ लोग थे, जिन्हें निकाल लिया गया। सारा सामान जल कर राख हो गया। दो बाइक भी पूरी तरह से जल गई। ये बाइक कर्मचारी की थीं या फिर रेस्टोरेंट में आए किसी व्यक्ति की, यह पता लगाया जा रहा है।
शुरुआती खबरों में कहा गया था कि सिलेंडर से आग फैली। कुछेक सिलेंडर फटने का भी दावा किया गया था।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments