हिन्दू महासभा का गणतंत्र दिवस पर ताजमहल में तिरंगा फहराने का दावा

आगरा, 26 जनवरी। अखिल भारत हिन्दू महासभा से जुड़े हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने गणतंत्र दिवस पर ताजमहल परिसर के भीतर तिरंगा फहराने और भारत माता की जय के नारे लगाने का दावा किया है। 
फिलहाल इस ताजा दावे के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही हैं। ताजमहल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वास्तव में तिरंगा फहराने की घटना हुई या नहीं।
खबरों के अनुसार, हिंदू महासभा के कार्यकर्ता नंदू कुमार और नितेश भारद्वाज ने दावा किया कि 26 जनवरी को वे ताजमहल के अंदर प्रवेश करने में सफल रहे और वहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने ताजमहल को “तेजोमहालय” बताते हुए इसे प्राचीन शिव मंदिर होने का पुराना दावा दोहराया। 
कार्यकर्ताओं का कहना है कि ताजमहल बनने के बाद यह पहला अवसर है जब उसके अंदर राष्ट्रध्वज फहराया गया। संगठन का तर्क है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा देशभर में मदरसों और मस्जिदों में राष्ट्रध्वज फहराने के आह्वान के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। हिंदू महासभा का कहना है कि वे लंबे समय से ताजमहल में हिंदू धार्मिक गतिविधियों की अनुमति की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ऐतिहासिक तथ्यों को दबा रहे हैं।
संगठन के इस दावे के बाद प्रशासनिक और सुरक्षा महकमे में हलचल तेज हो गई है। प्रशासन ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने की बात कही है।
गौरतलब है कि इससे पहले सावन माह में संगठन के पदाधिकारियों ने ताजमहल परिसर में शिवलिंग होने का दावा करते हुए जलाभिषेक करने की घोषणा की थी। उस समय सुरक्षा एजेंसियों ने जांच के आदेश दिए थे और कई पदाधिकारियों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए गए थे।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments