भारी वाहनों को उत्तरी बाईपास मार्ग से गुजारने पर मंथन, एनएचएआई को व्यवस्थाओं के निर्देश, गुरुवार को मौके पर जाएंगे अधिकारी
आगरा, 21 जनवरी। मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को हुई अधिकारियों की बैठक में तय किया गया कि मथुरा की ओर से आकर लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़, हाथरस जिलों की तरफ जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को उत्तरी बाईपास मार्ग का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में कहा गया कि अधिकांश वाहन अभी भी उत्तरी बाईपास का प्रयोग नहीं कर रहे हैं तथा NHAI के रास्ते शहर के अंदर से जा रहे हैं जो उचित नहीं है। अधिकांश वाहन स्वामियों को वाहन चालकों को अभी ज्ञात ही नहीं है कि उत्तरी बाईपास पर चढ़कर वह लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़ की तरफ जा सकते हैं लिहाजा निर्णय लिया गया कि उत्तरी बाईपास मोड़ से पूर्व न्यूनतम पांच किलोमीटर पहले से रोड साइन लगवाए जाएं, जिस पर स्पष्ट लिखा हो कि लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़, हाथरस बाएँ से जाएँ। संबंधित टोल पर भी इस तरह के पंपलेट बटवाएं जिस पर आगे उत्तरी बाईपास की जानकारी अंकित हो।
बैठक में कहा गया कि यही कार्य कुबेरपुर कट पर भी किया जाए, जहां पर NHAI के रास्ते से फिरोजाबाद की तरफ से आने वाले अथवा लखनऊ की तरफ से आगरा एक्सप्रेसवे से आने वाले चालकों को यह पता चल सके कि उनको शहर में नहीं प्रवेश करना है अपितु मथुरा या कहीं जाना है तो उत्तरी बाईपास के माध्यम से जाएँ, जिससे शहर में लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात मिल सकती है।
बैठक में यह संज्ञान में आया कि उत्तरी बाईपास के एंट्री पॉइंट पर वहां पर न्यूनतम संसाधन नहीं है जिसके लिए मंडलायुक्त द्वारा NHAI के अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वहां पर रोड साइन के साथ-साथ ब्लिंकर रंबल स्ट्रिप, सीसीटीवी कैमरा, कैट आई, लाइट 1 सप्ताह में लगवाकर कम्प्लीट कराएँ।
बैठक में तभी कहा गया कि उत्तरी बाईपास पर किलोमीटर के हिसाब से टोल चार्ज किया जाए। एक माह के अंदर यह कार्य कर लिया जाए। तय किया गया कि वाहन स्वामी को पुलिस, परिवहन विभाग, NHAI, यमुना एक्सप्रेस के अधिकारी गुरुवार को मौके पर जाकर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करेंगे।
बैठक में डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार, आरटीओ प्रवर्तन अखिलेश द्विवेदी, एनएचएआई के परियोजना निदेशक संदीप यादव एवं यमुना एक्सप्रेस,आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे तथा एसपी ग्रामीण, मथुरा, एडीसीपी हिमांशु गौरव, एआरटीओ आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments