यमुना एक्सप्रेस-वे पर तड़के चलती बस में आग, खिड़कियों से कूदे यात्री
आगरा, 22 जनवरी। यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बार फिर गुरुवार की तड़के एक चलती बस में अचानक आग लग गई। यह हादसा मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र के 110 माइलस्टोन के पास तड़के करीब सवा पांच बजे हुआ। यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई। बस बांदा से नोएडा की ओर जा रही थी।
खबरों के अनुसार, इस प्राइवेट बस में करीब डेढ़ दर्जन यात्री सवार थे, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी थीं। राया के निकट आग लगते ही ड्राइवर ने बस रोक दी। आग देखकर यात्री दहशत में आ गए और उनमें नीचे उतरने की होड़ मच गई।
कई यात्री जान बचाने के लिए खिड़कियों से बाहर कूद गए। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
बस में आग की सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं, हालांकि उनका सामान जलकर खाक हो गया। सभी यात्री बांदा जिले के निवासी बताए गए हैं।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments