युवती की हत्या, शव बोरे में बन्द कर जवाहर पुल पर फेंक गए
आगरा, 24 जनवरी। एक सनसनीखेज मामले में अज्ञात युवती की हत्या कर उसका शव बोरे में बंद कर जवाहर पुल पर फेंक दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोरे को खोला तो उसके भीतर युवती की लाश निकली।फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस शव की शिनाख्त और उसे फेंककर जाने वालों की तलाश में जुट गई है।
खबरों के अनुसार विगत रात्रि करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि जवाहर पुल पर एक संदिग्ध बोरा पड़ा है, जिसे कुछ लोग फेंककर भाग गए थे। पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। जब बोरा खोला गया तो उसके अंदर लगभग 28 वर्षीय युवती का शव मिला। पुलिस के अनुसार युवती के चेहरे और गर्दन पर चोट के गहरे निशान थे, जिससे स्पष्ट है कि उसकी हत्या की गई है।
पुलिस का मानना है कि हत्यारे शव को यमुना में फेंकने के इरादे से पुल तक लाए थे, लेकिन किसी कारणवश शव को पुल पर ही छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी मिलने पर डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मीडिया से कहा कि जवाहर पुल पर बोरे में एक युवती का शव मिला है। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और हाईवे व आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments