नकली अंग्रेजी शराब के रैकेट का भंडाफोड़, दस लाख रुपये की शराब जब्त
आगरा, 28 जनवरी। साइबर/सर्विलांस टीम, आबकारी विभाग और थाना कागारौल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली अंग्रेजी शराब के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 74 पेटी अपमिश्रित शराब बरामद की, जिसमें इम्पीरियल ब्लू मार्का के 3552 क्वार्टर शामिल हैं। इस शराब की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।
अपर पुलिस उपायुक्त आदित्य कुमार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 27 जनवरी को थाना कागारौल पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस और आबकारी टीम ने लालऊ पुल स्थित श्री राधारानी रेजिडेंसी के पास तिराहे से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों से पूछताछ के आधार पर बाद में इनके चौथे साथी को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नरेश पुत्र सत्यवीर सिंह (निवासी मंगूरी रायभा, थाना अछनेरा, आगरा), उम्मेद सिंह पुत्र सत्यवीर सिंह (निवासी मंगूरी रायभा, थाना अछनेरा, आगरा), प्रशांत पुत्र उदयवीर सिंह (निवासी मकान नंबर 37/338 नगला पदी, थाना न्यू आगरा) और सत्यप्रकाश पुत्र नरोत्तम (निवासी अकोला, थाना कागारौल, आगरा) के रूप में हुई।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे केमिकल युक्त देशी शराब को अंग्रेजी शराब का रूप देकर उस पर फर्जी स्टीकर और रैपर लगाकर बेचते थे। यह अवैध शराब अकोला क्षेत्र में खेतों के पास बने एक गोदाम में तैयार की जाती थी।
पुलिस ने इस गोदाम पर भी छापा मारकर इसके अतिरिक्त, 50 लीटर स्प्रिट, बड़ी संख्या में खाली शीशियां, रैपर, ढक्कन और एक स्कॉर्पियो कार जब्त की। पुलिस का कहना है कि इस पूरे अवैध कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments