थाने से सटी दुकान में चोरी, गल्ले से दो लाख उड़ाए
आगरा, 27 जनवरी। थाना खेरागढ़ क्षेत्र में चोरों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि बीती रात उन्होंने थाने की दीवार से सटी किराने की दुकान में बेखौफ होकर चोरी की और गल्ले में रखे दो लाख रुपये ले उड़े।
पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है। दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं। उनका पता लगाया जा रहा है।
खबरों के मुताबिक, थाना खेरागढ़ से सटी हुई बॉबी सिंघल की किराने की दुकान है। वह सोमवार की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। दुकान के गल्ले में लगभग दो लाख रुपये रखे हुए थे।
आज मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे जब वह दुकान पर पहुंचे तो ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखने पर गल्ले की पेटी गायब मिली। व्यापारी ने इसकी सूचना थाने में दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो दुकान के बगल की मार्केट में गल्ले की पेटी बरामद हो गई। उसमें रखी नकदी गायब थी।
थाना प्रभारी मदन सिंह का कहना है कि चोरों की खोजबीन शुरू कर दी गई है। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पिछले सप्ताह भी थाने से थोड़ी दूरी पर स्थित एक दवा की दुकान से लाखों की चोरी हो चुकी है। लगातार चोरी की घटनाओं से व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments