आगरा में भी यूजीसी एक्ट का विरोध, भाजपा नेता ने प्रधानमंत्री को खून से लिखा पत्र!
आगरा, 27 जनवरी। विश्व विद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ड्राफ्ट एक्ट-2026 को लेकर शहर में भी विरोध शुरू हो गया है। छात्रों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने इसके खिलाफ आवाज उठानी शुरू कर दी है। भाजपा नेता और नगर निगम के पूर्व उपसभापति जगदीश पचौरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खून से पत्र लिखकर ड्राफ्ट एक्ट को वापस लेने की मांग की है। सामाजिक संस्था 'सिस्टम तो सुधरेगा' के सदस्यों ने नगला माकरोंल ग्वालियर हाईवे रोड पर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यूजीसी के तथाकथित समानता नियम सामाजिक संतुलन को बिगाड़ सकते हैं और जातिगत भेदभाव को बढ़ावा दे सकते हैं।
खबरों के अनुसार, भाजपा नेता जगदीश पचौरी ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि सरकार को इस ड्राफ्ट पर पुनर्विचार कर इसे वापस लेना चाहिए।
क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस बीच छात्रों का कहना है कि इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में पीआईएल दाखिल की गई है और वे न्यायालय के साथ-साथ यूजीसी व केंद्र सरकार के रुख का इंतजार कर रहे हैं।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments