पीएम विश्वकर्मा योजनाः पारंपरिक कारीगरों के लिए प्रशिक्षण, ऋण, मार्केटिंग जैसी कई सुविधाएं

आगरा, 22 जनवरी। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लाभार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बलकेश्वर में पीएम विश्वकर्मा जागरूकता कार्यक्रम किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन एमएसएमई-डीएफओ के तत्वावधान में किया गया, जिसमें सहायक निदेशक अभिषेक सिंह ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत उपलब्ध प्रशिक्षण, ऋण, विपणन एवं अन्य सहायता प्रावधानों की जानकारी देते हुए लाभार्थियों से इन अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया।
बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षरता सत्र में लीड बैंक मैनेजर बैंक प्रबंधक ऋषिकेश बनर्जी एवं अंकित सहगल द्वारा लाभार्थियों की ऋण से संबंधित समस्याओं का समाधान किया गया। साथ ही, उन्हें वित्तीय साक्षरता के अंतर्गत बचत, ऋण प्रबंधन, डिजिटल भुगतान, क्रेडिट स्कोर, बैंकिंग प्रक्रियाओं एवं सरकारी ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिससे वे वित्तीय रूप से सशक्त बना सकें।
शैक्षणिक सत्र में सहायक प्रोफेसर राजीव रतन ने उत्पाद के मूल्य निर्धारण, बाजार विश्लेषण तथा ऑनलाइन एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बिक्री बढ़ाने की रणनीतियों पर प्रकाश डाला।
उद्यमिता विकास सत्र में जिला परियोजना प्रबंधन इकाई (डीपीएमयू) के सुधीर कुमार ने उद्यमी मानसिकता के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि नवाचार, योजना निर्माण एवं जोखिम प्रबंधन किस प्रकार व्यापार विस्तार में सहायक सिद्ध हो सकते हैं।
इसके अतिरिक्त आईटीआई के सुनील कुमार द्वारा राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं कौशल विकास योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन सत्र में एमएसएमई मंत्रालय के सहायक निदेशक अवधेश कुमार ने मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के उद्देश्यों, लाभों एवं पात्रता मानदंडों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments