शाहदरा में भी बंदरों का आतंक, हमले में घायल छात्र आईसीयू में भर्ती

आगरा, 22 जनवरी। शहर में हर तरफ बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। दुःख की बात है कि इन पर नियंत्रण की जिम्मेदारी वाले विभाग कोरी औपचारिकता निभा रहे हैं। बुधवार को बंदरों के आतंक से शाहगंज क्षेत्र में एक महिला की जान चली गई तो शाहदरा क्षेत्र में भी बंदरों के हमले में घायल एक छात्र की हालत इतनी गंभीर हो गई कि उसे सघन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कराना पड़ा।
शाहदरा क्षेत्र में छत पर पढ़ाई कर रहे एक इंटरमीडिएट छात्र को बंदरों ने अचानक धक्का दे दिया। छात्र छत से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके सिर, नाक और आंख में गंभीर चोटें आईं। घायल छात्र को परिजन तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक होने के चलते आईसीयू में भर्ती किया गया। 
शाहदरा की आदर्श गली में मोहनलाल का दो मंजिला मकान बना हुआ है। इंटरमीडिएट में पढ़ने वाला बेटा कृष्णा बुधवार दोपहर मकान की छत पर बैठकर बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहा था। सामने स्थित मकान की छत पर ताऊ का बेटा राम कुमार निगम बैठा हुआ था।दोपहर करीब 2:50 बजे बंदरों के बीच लड़ाई हो गई। एक बंदर ने कृष्णा के ऊपर हमला कर दिया। इससे कृष्णा का संतुलन बिगड़ गया और वह पड़ोस में स्थित मकान के छज्जे में गिर पड़ा। कृष्णा के गिरते ही घर में अफरा तफरी मच गई। स्वजन आनन-फानन में इलाज के लिए गीतांजलि हस्पिटल लेकर पहुंचे। 
ताऊ के बेटे राम कुमार निगम ने बताया कि हालत गंभीर होने पर कृष्णा को आइसीयू में भर्ती किया गया है। डाक्टरों ने बताया कि उसके सिर में खून का थक्का बन गया है। नाक और आंख में भी चोट लगी है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा सिर पर है, हादसे से तैयारी प्रभावित होगी।
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार यह घटना दोपहर के समय हुई, जब छतों पर बंदरों के झुंड आपस में लड़ रहे थे। इसी दौरान पढ़ाई में जुटे छात्र पर हमला हो गया। छात्र बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहा था और रोज़ाना छत पर पढ़ने जाता था। बंदरों के बढ़ते हमलों से इलाके में दहशत है। लोगों ने सुरक्षा के डर से छतों पर जाना तक बंद कर दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले तीन महीनों में 8 से 10 लोगों को बंदर काट चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व शाहगंज क्षेत्र में एक महिला की बंदरों के हमले के कारण छत से नीचे गिरने से मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम और वन विभाग से तत्काल अभियान चलाकर बंदरों को पकड़ने, नसबंदी और सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है। 
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments