आजाद समाज पार्टी ने रैली में किया शक्ति प्रदर्शन, चंद्रशेखर ने किए गरीबों को मुफ्त शिक्षा और मुफ्त इलाज के वायदे, मंच पर धक्का-मुक्की
आगरा, 25 जनवरी। अगले साल होने जा रहे प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले आजाद समाज पार्टी ने रविवार को शहर में शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की जीआईसी मैदान में हुई रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रैली में चंद्रशेखर ने विधानसभा चुनाव को लेकर कई वायदे किए। कहा कि यूपी में अगर उनकी सरकार बनी तो वह गरीब को मुफ्त शिक्षा और मुफ्त इलाज उपलब्ध करवाएंगे। उन्होंने कहा अपने लोगों पर जो झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं, सरकार बनने पर उन्हें भी वापस लिया जाएगा।
चंद्रशेखर ने कहा, ' इस बार पूरा समाज एकजुट हो जाए तो उत्तर प्रदेश में 300 सीटें जीतना संभव है। आप हिम्मत मत हारो, एक बार बाबा साहब अंबेडकर के बच्चे को ताकत देकर देखो, प्रदेश में गुंडागर्दी का माहौल ठंडा हो जाएगा। हमारी सरकार में अगर कोई अपराधी बच्ची की तरफ आंख उठाएगा, तो पुलिस को पूरी छूट देंगे। आज पुलिस एक गोली मारती है, तब दो गोली मारने की छूट देंगे।'
चंद्रशेखर ने कहा कि आजाद समाज पार्टी की सरकार बनने पर महलों और एसी ऑफिस में रहने वाले अधिकारी गरीब बस्तियों में जाकर कैंप लगाएंगे। उन्होंने ऐलान किया कि सरकार बनने पर आउटसोर्सिंग की व्यवस्था खत्म कर दी जाएगी और संविदा कर्मचारियों को या तो नियमित नौकरी दी जाएगी या 50,000 रुपये वेतन वाली पक्की नौकरी मिलेगी।
ईसाई समाज के लिए उन्होंने कहा कि मसीह समाज के लोगों के साथ मारपीट या चर्च पर हमला होता है तो आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।
प्रशासन की नींद उड़ गई होगी
रामलीला मैदान में रैली की अनुमति न मिलने पर चंद्रशेखर ने प्रशासन पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, आज भीड़ देखकर प्रशासन की नींद उड़ गई होगी, तभी रामलीला मैदान में रैली नहीं होने दी।
कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की
इससे पहले रैली में आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। मंच पर खड़े चंद्रशेखर के सामने ही धक्का-मुक्की होने लगी। मंच पर चढ़ने और चंद्रशेखर की एक झलक पाने के लिए जमकर लात-घूंसे चले। हालात इतने बिगड़ गए कि रैली में अफरा-तफरी मच गई। हालात को काबू करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। समर्थकों को लड़ता देख चंद्रशेखर ने माइक संभाला और शांत रहने की अपील करने लगे। कहा कि इतने साल से तो कष्ट सहते आ ही रहे हो, थोड़ा और सह लो। आज पीड़ा सहोगे तो सैकड़ों साल पीड़ा आपके आसपास नहीं आ पाएगी।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments