सत्तो लाला फूड कोर्ट में भीषण आग, सिलेंडर फटे
आगरा, 25 जनवरी। कोठी मीना बाजार के निकट न्यू शाहगंज रोड पर स्थित सत्तो लाला फूड कोर्ट में रविवार की रात्रि भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाना शुरू कर दिया। रात्रि साढ़े आठ बजे तक आग पर काबू पाने की कोशिश जारी थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रेस्टोरेंट में रखे कई गैस सिलेंडर एक के बाद एक फट गए, जिससे आग ने भयावह रूप ले लिया। सिलेंडरों के धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया।
आग इतनी विकराल थी कि फूड कोर्ट का बड़ा हिस्सा धू-धू कर जल उठा। अचानक लगी आग से लोगों में भगदड़ मच गई। आग की लपटों की चपेट में निकट स्थित एचडीएफसी बैंक भी आ गया, जिससे बैंक परिसर को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
आग से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भी दहशत फैल गई। आसपास की दुकानों को तत्काल बंद कराया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया। पुलिस बल मौके पर तैनात है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों और जान-माल के नुकसान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments