पश्चिमपुरी मार्ग पर अनियंत्रित कार ने स्कूली बस और एक्टिवा में टक्कर मारी, बच्चों में दहशत

आगरा, 22 जनवरी। थाना सिकंदरा के अंतर्गत पश्चिमपुरी मार्ग पर गुरुवार की दोपहर एक अनियंत्रित कार ने स्कूली बस और एक्टिवा को टक्कर मारकर दहशत फैला दी। दोनों वाहनों को टक्कर मारने के बाद कार डिवाइडर से जा टकराई। इसके बाद आसपास के लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। कार की टक्कर से बस चालक को चोटें आईं हैं। टक्कर के दौरान बस में सवार बच्चों में चीखपुकार मच गई।
खबरों के अनुसार, यह हादसा सायं करीब पौने चार बजे हुआ। अवधपुरी स्थित एक स्कूल की बस बच्चों को लेकर पश्चिमपुरी से कारगिल शहीद तिराहे की ओर जा रही थी, तभी सफेद रंग की मथुरा नंबर की कार ने पीछे से टक्कर मार दी। स्कूल बस में एक शिक्षिका और लगभग दो दर्जन से अधिक बच्चे सवार थे। टक्कर से अफरा-तफरी मच गई और सभी बच्चे भरी दहशत में आ गए। टक्कर लगते ही चालक ने बस को रोक दिया और नीचे उतर कर कार चालक को बाहर आने के लिए कहा। कहा जा रहा है कि कार चालक नशे की हालत में था और उसने काफी देर तक कार का दरवाजा नहीं खोला। और अचानक तेजी से चालक को टक्कर मारने के बाद कार को भगाकर ले जाने लगा। उसने एक बार फिर बस को टक्कर मारी और कार को एक डिवाइडर से टकराते हुए आगे की तरफ ले गया। 
कारगिल शहीद पेट्रोल पम्प तिराहे से बोदला की तरफ जाने लगा। कार की रफ्तार और अनियंत्रित तरीके से चलाने से रास्ते से निकल रहे वाहन चालक और लोग दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के चालक सहित अन्य लोगों ने कार का पीछा किया। ईंट मंडी के पास एक एक्टिवा सवार से टक्कर लगने के बाद कार डिवाइडर में जा घुसी। पीछे से आए लोगों ने कार से चालक को बाहर निकाला। वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। उसे लोग पुलिस चाैकी पर लेकर आए। मामले में स्कूल के ट्रांसपोर्ट प्रभारी ने शिकायत दी है। 
कार की टक्कर से बस क्षतिग्रस्त हो गई और चालक भी घायल हो गया। इस कारण बस को आगे नहीं ले जाया जा सका। स्कूल से अन्य कार और बस को बुलाया गया। तब बच्चों को घर पहुंचाया जा सका।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments