बैंकों में कल से तीन दिन अवकाश और चौथे दिन 27 को देशव्यापी हड़ताल
आगरा, 23 जनवरी। बैंकों में शनिवार 24 जनवरी से 27 जनवरी तक कामकाज नहीं होगा। 24 जनवरी को महीने का चौथा शनिवार है इसलिए बैंक बंद रहेंगी, 25 जनवरी को रविवार और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर बैंक नहीं खुलेंगी और 27 जनवरी को बैंकों की देशव्यापी हड़ताल है देशभर के आठ लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल पर रहेंगे। ऐसे में चार दिन बैंक बंद रहेंगी।
यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन्स के बैनर तले देश भर में बैंक यूनियनें 27 जनवरी को हड़ताल पर रहेंगी। प्रस्तावित हड़ताल में यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन्स के बैनर तले ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन, नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ बैंक एम्प्लॉइज, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया, इंडियन नेशनल बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन, इंडियन नेशनल बैंक ऑफिसर्स कांग्रेस, नेशनल ऑर्गनाइजेशन ऑफ बैंक वर्कर्स, नेशनल ऑर्गनाइजेशन ऑफ बैंक ऑफिसर्स शामिल हैं।
यह हड़ताल बैंकों में सप्ताह में पांच दिन काम, आईडीबीआई, ग्रामीण बैंक व जीवन बीमा की विनिवेशीकरण पर प्रतिबंध, बैंकों में रेगुलेटेड आफिस आवर और पेंशन अपडेटेशन सहित अन्य मांगों को लेकर की जा रही है।
यूएफबीयू आगरा इकाई के संयोजक गजेन्द्र सिंह ने कहा कि सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के बीच वर्ष 2023 में चर्चा के बाद यह तय हुआ कि सोमवार से शुक्रवार तक रोज़ाना काम के घंटे 40 मिनट बढ़ाए जाएंगे और बाकी शनिवार को छुट्टी घोषित किया जाएगा। इसकी सिफारिश सरकार को कर दी गई है लेकिन दुर्भाग्य से यह पिछले दो सालों से सरकार की मंजूरी के लिए पेंडिंग है। आश्वासन के बाद भी सरकार द्वारा मंजूरी नहीं दी जा रही है। इसलिए यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 27 जनवरी को हड़ताल का ऐलान किया है।
___________________________________
Post a Comment
0 Comments