एक और पुलिसकर्मी बना साइबर ठगों का शिकार, दो लाख ठगे
आगरा, 19 जनवरी। साइबर ठगों ने एक बार फिर एक पुलिसकर्मी को अपना निशाना बनाते हुए दो लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। यह ठगी क्रेडिट कार्ड पर जमा रिवॉर्ड प्वाइंट्स और वाउचर रिडीम कराने के नाम पर की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरों के अनुसार, यहां रिजर्व पुलिस लाइन, पुलिस कमिश्नरेट में आरक्षी पद पर तैनात ओम प्रकाश कुशवाहा वर्तमान में शिवानी धाम कॉलोनी, फेस-1, कालिंदी विहार में रहते हैं। उनके मोबाइल फोन पर पिछली 04 नवंबर को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताते हुए उनके क्रेडिट कार्ड पर जमा रिवॉर्ड प्वाइंट्स और वाउचर रिडीम कराने की बात कही।
ठगों ने विश्वास में लेकर आवश्यक विवरण हासिल किया और फिर 04 व 05 नवंबर को दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकलवा ली। साइबर ठगों ने पहले ₹1,68,200 और दूसरी बार में ₹37,281 निकाल लिए। इस तरह कुल ₹2,05,481 की धोखाधड़ी कर ली गई। पांच नवंबर को खाते से रकम कटने का पता चलने पर पीड़ित आरक्षी ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 06 नवंबर 2025 को साइबर सेल आगरा में भी प्रार्थना पत्र दिया गया।
आरक्षी ने थाना ट्रांस यमुना पुलिस को तहरीर देकर साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कॉल डिटेल्स व बैंक ट्रांजेक्शन की जांच शुरू कर दी है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments