Agra news: खबरें आगरा की....
फुटवियर व्यापारियों ने किया पुलिस टीम का सम्मान
आगरा, 24 जनवरी। मात्र सात घंटे में 97 लाख की चोरी का मामला सुलझाने पर शनिवार को द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन ने पुलिस टीम का सम्मान किया। हींग की मंडी स्थित फैडरेशन कार्यालय में कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एसीपी वीरेन्द्र दुबे, फैडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा, एमएम गेट के थानाध्यक्ष रोहित, नाई की मंडी के थानाध्यक्ष हरेन्द्र ने किया।
फैडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा ने फैडरेशन द्वारा सीसीटीवी केमरा व कंट्रोल रूप बनवाकर देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर मुख्य रूप से नरेन्द्र पुरुस्नानी, दिलप्रीत सिंह, अजय महाजन, अनिल लाल, हरीश वांजनी, सुरेश सीतलानी, गोवर्धन सुनेजा, संजय मगन,चाँद दीवान, प्रमोद जैन, मोना भाई, मुरलीधर, राजेश कर्मचंदानी, प्रमोद महाजन, घनश्याम दास जी, दिलीप ख़ुबचंदानी, सुनील विज, भीष्म लालवानी, ईश्वर सेवकानी, ललित उपस्थित थे।
_________________________________________
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर ली शपथ
आगरा, 24 जनवरी। राजा बलवंत सिंह कॉलेज के मुख्य परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना की समस्त इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में 'राष्ट्रीय मतदाता दिवस' के अवसर पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राचार्य प्रोफेसर विजय श्रीवास्तव के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग पूरी तरह से निर्भीक, निष्पक्ष और विवेकपूर्ण तरीके से करने की शपथ ली एवं संकल्प लिया कि वे जाति, धर्म, वर्ग या किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करेंगे। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. आलोक कुमार सिंह, डॉ. तरुण कान्त पाठक, डॉ. धनंजय सिंह, डॉ. रुचि श्रीवास्तव, डॉ. अंबरीश कुमार एवं डॉ. दिनेश कुमार मौजूद रहे।
_________________________________________
नगला पदी के चारखंभा में रंगबाजी, फायरिंग
आगरा, 24 जनवरी। थाना न्यू आगरा के अंतर्गत नगला पदी के चारखंभा क्षेत्र में रंगबाजी का मामला सामने आया, जहां मामूली विवाद के बाद दबंगों ने सरेआम हिंसा और फायरिंग कर दहशत फैला दी।
खबरों के अनुसार, शुक्रवार रात वेज बिरयानी की ठेल लगाने वाले राहुल का इलाके में रहने वाले दबंग युवक अजीत से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद शांत होता, इससे पहले ही शनिवार को अजीत अपने कई साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा और राहुल को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों से राहुल की पिटाई की, इसके बाद अजीत ने पिस्टल निकालकर कई राउंड फायरिंग कर दी।
अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहुल किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला, जिससे उसकी जान बच सकी। फायरिंग के बाद आरोपी हवा में असलहे लहराते हुए फरार हो गए। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
_________________________________________
आईएमए ने 25 स्थानों पर चलाया जागरूकता कार्यक्रम
आगरा, 24 जनवरी। आईएमए द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर 25 से अधिक स्थानों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं उनके समग्र विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामूहिक जिम्मेदारी को सुदृढ़ करना रहा।
इस अवसर पर आईएमए आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच ने कहा कि “बालिकाओं का स्वस्थ होना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। आज की जागरूक बालिका ही कल का सशक्त भारत बनाएगी।”
संस्था के सचिव डॉ. राजनीश मिश्रा ने अपने वक्तव्य में कहा कि “स्वास्थ्य के प्रति सही जानकारी और समय पर चिकित्सा परामर्श से बालिकाओं का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है। आईएमए आगरा इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।”
महिला विंग की चेयरपर्सन डॉ. स्वाति ने कहा कि “बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता पर भी ध्यान देना आवश्यक है। महिला विंग आगे भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करती रहेगी।”
_________________________________________
31 को होगी कांग्रेस की संविधान संवाद रैली
आगरा, 24 जनवरी। कांग्रेस की संविधान संवाद रैली 31 जनवरी को किरावली ग्राउंड में होगी। शनिवार को एस डी लावनिया फार्म हाउस ककुआ में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने बैठक कर सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की। उन्होंने बताया कि रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव उत्तर प्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडे प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित कांग्रेस के 7-8 लोकसभा सांसद शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि भीड़ जुटाने के लिए जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी लोकसभा की 17 सीटों पर संविधान संवाद रैली आयोजित कर रही है।
बैठक में मुख्य रूप से रामनाथ सिंह सिकरवार, अमित सिंह, रमाशंकर शर्मा एडवोकेट ओमवीर यादव अरुण शर्मा, कमलेश मिश्रा, याकूब शेख पवन शर्मा, मुकेश डागुर ,रेखा रानी, धर्मवीर शर्मा, सत्येंद्र दुबे, अशोक चौधरी, अमीचंद जाटव, लाखन त्यागी, हेमंत चाहर, जगपाल चाहर, अनिल सिकरवार जगदीश लवानियां, प्रकाश चंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments