मेघनाद वध और सुलोचना के सती होने की लीला ने किया भाव विभोर, आतिशबाजी बाद पुतले का दहन
आगरा, 01 अक्टूबर। उत्तर भारत की प्रमुख श्रीराम लीला में बुधवार को रामलीला मैदान में मेघनाद वध की लीला का मंचन किया गया। इस दौरान हजारों दर्शकों ने भगवान श्रीराम के जयघोष किये। मेघनाद के विशाल पुतले को दहन करने से पूर्व आतिशबाजी का आयोजन भी किया गया।
लीला की शुरुआत दशानन के दरबार में कुम्भकर्ण के वध का समाचार पहुंचने से होती है। समाचार सुन कर उसमें रावण व्यथित हो जाता है। उसके बाद वह मेघनाद को युद्ध मैदान में भेजता है।
मंचीय लीला के बाद युद्ध की लीला मैदान में होती है। एक और श्रीराम-लक्ष्मण जी का रथ दूसरी ओर मेघनाद का रथ। दोनों ही एक दूसरे पर तीर चलाते हैं। वहीं राम और रावण की सेना भी एक दूसरे से युद्ध करती हैं। मैदान में चारों ओर घूम कर यह युद्ध किया जाता है।
दोनों योद्धा एक दूसरे से कम नहीं पड़ रहे थे। लेकिन भगवान श्रीराम का नाम लेकर लक्ष्मण जी मेघनाद पर प्रहार करते हैं, जिससे मेघनाद का शरीर टुकड़े-टुकड़े होकर गिर जाता हैं। मेघनाद का वध होने के बाद सुलोचना द्वारा राम दल में जाकर उसका शव मांगने और सती होने की लीला का भी मंचन किया गया।
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की आरती आगरा विकास मंच के द्वारा एस.एन. मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर अंकुर गोयल एवं सपना गोयल एवं आगरा विकास मंच के पदाधिकारियों द्वारा की गई।
90 फुट ऊंचे पुतले का दहन
रामलीला मैदान पर मेघनाद का 90 फुट ऊंचा विशाल पुतला बनाया हुआ था। उसका दहन किया गया। उसमें आतिशबाजी भी लगी हुई थी। कुछ ही देर में पुतला जल कर राख हो गया।
आतिशबाजी का आयोजन
मेघनाद के पुतला जलाने से पूर्व रामलीला मैदान में आतिशबाजी दिखाई गई। गुलाब का फूल, कमल का फूल, आकाशी झरना और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के युद्ध की दृश्य आतिशबाजी से दिखाए गए।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ताराचंद अग्रवाल नवल किशोर अग्रवाल, विजय प्रकाश गोयल, मुकेश जौहरी, विनोद जौहरी, संजय तिवारी, प्रवीण गर्ग, प्रवीण स्वरूप, विष्णु दयाल, अंजुल बंसल, संजय अग्रवाल, रामकिशन अग्रवाल अजय अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, राम राहुल शर्मा, रामांशु शर्मा, आनंद मंगल, निक्की जौहरी, मनोज अग्रवाल, प्रवीण गर्ग, प्रकाश चन्द, निक्की जौहरी, राम सोनू शर्मा, गिरधर शरण अग्रवाल, हृदयेश गोस्वामी, राहुल गौतम के साथ अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।
गुरुवार को रावण वध की लीला
दो अक्टूबर गुरुवार को विजयादशमी के पर्व पर रावण वध की लीला का मंचन होगा। रामलीला मैदान पर शाम सात बजे से राम व रावण में युद्ध की लीला का मंचन होगा। युद्ध के बाद रामलीला मैदान में आकर्षक आतिशबाजी होगी, जिसमें मथुरा के अजय एवं अलीगढ़ के मोहन के बीच मुकाबला होगा। आतिशबाजी के बाद रावण के 120 फुट ऊंचे पुतले का दहन किया जायेगा।
-----------------
Post a Comment
0 Comments