खतरे के निशान से दो फीट ऊपर पहुंची यमुना, तटीय इलाकों में हाई अलर्ट, चार सितम्बर को आठवीं तक के विद्यालय बंद रहेंगे

आगरा, 03 सितम्बर। उत्तर भारत में निरंतर हो रही बारिश के कारण जिले में यमुना नदी के जलस्तर में बढ़ोत्तरी जारी है। बुधवार को जलस्तर खतरे के निशान से दो फीट ऊपर पहुंच गया। पिछले चौबीस घंटे में इसमें आधा फुट से अधिक की वृद्धि हुई। गोकुल बैराज से बुधवार को भी 1,06,166 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे यमुना किनारे के निचले इलाकों में पानी भरना जारी है। बाढ़ की आशंका में गांव खाली कराए जा रहे हैं। प्रशासन ने कई परिवारों को विस्थापित किया है। शहर में भी निचले क्षेत्रों में चेतावनी जारी कर दी गई है। 
इस बीच जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने गुरुवार को कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। आदेश में जिलाधिकारी के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा गया कि जनपद के समस्त बेसिक शिक्षा परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट विद्यालय/राजकीय /अशासकीय सहायता प्राप्त / मान्यता प्राप्त विद्यालय / वित्तविहीन / सीबीएसई/ आईसीएसई एवं अन्य समस्त बोर्ड के (नर्सरी से कक्षा 08 तक) विद्यालयों में 04 सितम्बर को अवकाश रहेगा।
सिंचाई विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वाटर वर्क्स पर यमुना का जलस्तर बुधवार की शाम सात बजे तक 497.22 फीट पहुंच गया, जबकि मंगलवार की सुबह 496.62 फीट था। यमुना में यहां खतरे का निशान 495 फीट पर है। जल स्तर बढ़ने से निचले इलाकों में पानी भर रहा है। मोक्षधाम श्मशान घाट में चिता स्थल डूब गए हैं। नदी की तरफ खुलने वाले एत्माउद्दौला स्मारक के कमरों में पानी भरा है। दो हजार बीघा से अधिक फसल डूब गई है। 
जिला प्रशासन ने दयालबाग, बल्केश्वर, नरायच, ट्रांस यमुना से यमुना किनारे तक हाई अलर्ट जारी किया है। डीएम अरविंद एम बंगारी ने लोगों से नदी किनारे नहीं जाने, नाव नहीं चलाने और निचले इलाकों से ऊंचे स्थानों पर पहुंचने की अपील की है।
विधायक बनवाएंगे 12 बाढ़ राहत केंद्र
इस बीच विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बल्केश्वर क्षेत्र में यमुना के बढ़ रहे जलस्तर का निरीक्षण किया। विधायक खंडेलवाल ने भाजपा संगठन व क्षेत्रीय पार्षदों के साथ वार्ता कर 12 स्थानों पर बाढ राहत केंद्र बनाये जाने का ऐलान किया। विधायक ने जिलाधिकारी वार्ता कर घाटों पर पीएसी तैनात करने व बारिश को ध्यान में रखते हुए बच्चों के स्कूल के अवकाश घोषित करने पर विचार करने के लिए तथा घाट पर स्टीमर लगाने को कहा। निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष शिव शैलेन्द्र, पार्षद हरिओम बाबा, दीपक ढल, गिर्राज बंसल, प्रहलाद सिंह गुड्डी, मनोज गुप्ता, बबली सिंघल, कपिल गोयल, राहुल कुशवाह आदि साथ रहे।
____________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments