घटने लगा यमुना का जलस्तर, 23 को भी घटेगा
आगरा, 22 अगस्त। अपर जिलाधिकारी (वि/रा) शुभांगी शुक्ला ने अवगत कराया कि यमुना नदी का जल स्तर वर्तमान में 151.190 मीटर है। सिंचाई विभाग के अनुसार जलस्तर घट रहा है एवं कल शनिवार को भी जलस्तर घटेगा।
इस बीच बल्केश्वर के पार्वती घाट के पानी डूबे होने और नावों के संचालन पर रोक होने के बावजूद नाव संचालन जारी रहने की शिकायत की जा रही है। इस आशय का एक वीडियो भी शुक्रवार को वायरल हुआ, जिसमें पार्वती घाट के निकट नाव चलाई जा रही है। इस नाव में बच्चे सवार थे। चिंता जताई गई कि कोई अनहोनी होने पर कौन जिम्मेदार होगा।
गौरतलब है कि गोकुल बैराज मथुरा से 97,362 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण यमुना के जलस्तर में बढ़ोत्तरी हुई। जिससे तहसील सदर में यमुना नदी के लो फ्लड पर प्रभावित होने वाले ग्राम तनौरा, नूरपुर, कैलाश, स्वामी बाग, नगला बूढी, अमर विहार दयालबाग, मोती महल, कटरा वजीर खां, रामबाग बस्ती, अप्सरा टाकीज, यमुना किनारा रोड वेदान्त मन्दिर से फोर्ट एवं तहसील फतेहाबाद में ग्राम भरापुर बमरौली, ईदौन, भडायना, भेवीकलों, गुडा मेवली खुर्द, हिमायूपुर आदि ग्राम प्रभावित होने की सम्भावना बन गई।
अपर जिलाधिकारी शुक्ला ने अवगत कराया कि तहसील के राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वयं भ्रमणशील रहते हु बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि जलस्तर में वृद्धि होती है तो, लोगों को तहसीलों में बनाये गये बाढ़ शरणालयों में शिफ्ट किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु जनपद स्तर पर कन्ट्रोल रूम 24 घण्टे संचालित है, जिसका फोन नंबर 0562-2260550 एवं 09458095419 है।
________________
Post a Comment
0 Comments