सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, विधायक कुशवाह के निवास पर हुई समझौता वार्ता

आगरा, 19 जुलाई। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को वापस ले ली गई। विधायक भगवान सिंह कुशवाह के निवास पर सुबह हुई समझौता वार्ता के बाद सफाई कर्मचारियों ने काम पर वापस लौटने का निर्णय लिया।
गौरतलब है कि खेरिया मोड़ के सराय ख्वाजा में बृहस्पतिवार को नगर निगम कर्मचारियों और कुछ दुकानदारों के बीच विवाद हो गया था, इसमें विधायक कुशवाह के रिश्ते के चाचा के साथ मारपीट भी की गई थी। इसी को लेकर दुकानदारों द्वारा सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप गौतम सहित 22 कर्मचारियों के विरुद्ध पुलिस में मुकदमा दर्ज करा दिया गया था। इस कार्रवाई से सफाई कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया था और उन्होंने शुक्रवार को नगर निगम में तालाबंदी करते हुए पूरे शहर में हड़ताल का ऐलान कर दिया था। हड़ताल के कारण शहर में गंदगी के हालात बनने लग गए थे। 
इस कारण नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी दोनों पक्षों के बीच सुलह की कोशिश में जुट गए थे। इसी के तहत शनिवार की विधायक भगवान सिंह कुशवाह के निवास पर दोनों पक्षों के बीच राजीनामा लिखा गया। तय किया गया कि मुकदमा वापस लिया जाएगा और घायल लोगों के इलाज का खर्च वहन किया जाएगा।
समझौता वार्ता में भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह की भी भूमिका रही। सांसद राजकुमार चाहर, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, सुनील लवानिया, नेत्रपाल सिंह का विशेष सहयोग रहा। वार्ता में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, जेड एस ओ संजीव बालियान, महेंद्र सिंह, मुनेश मौर्य, सिकंदर, विनोद वाल्मीकि आदि भी शामिल थे।
____________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments