आगरा में निर्दलीय प्रत्याशी को पीटा, जान देने की कोशिश, पुलिस बोली- पैसे के लेन-देन का मामला
आगरा, 05 मई। आगरा सुरक्षित सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ रहे निर्दलीय प्रत्याशी पर रविवार की सुबह हमला किया गया। आरोपियों ने घर में घुसकर उसे जूतों से पीट दिया। सिर पर किसी वस्तु से प्रहार किया गया, जिससे वह घायल हो गया। प्रत्याशी के कपड़े भी फाड़ दिए। पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रुम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस पीड़ित को थाने ले आई। प्रत्याशी का कहना है कि उसे चुनाव नहीं लड़ने का दवाब बना जा रहा था। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। कहा जा रहा है कि इसके बाद उसने घर लौटकर जान देने की कोशिश की।
एनबीटी के अनुसार, थाना एत्मादद्वौला के नगला फतूरी (पेच) में महेंद्र सिंह पुत्र स्व देवीराम रहते हैं। महेंद्र सिंह आगरा लोकसभा सुरक्षित सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। महेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार सुबह वह अपने चुनाव सम्बंधी कार्य में व्यस्त थे, तभी पड़ोस में रहने वाले सनी पुत्र राजकुमार और उसका भाई रवि उर्फ छोटू घर में घुस आए और उनपर हमला कर दिया।
हमलावरों ने महेंद्र सिंह के सिर में किसी वस्तु से प्रहार किया, साथ ही जूते और चप्पल से पीटना शुरू कर दिया। उसके कपड़े भी फाड़ डाले। महेंद्र सिंह ने बताया कि उक्त लोग मुझे चुनाव लड़ने से रोक रहे हैं।
इस मामले में थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार मिश्रा का कहना है कि प्रत्याशी थाने आया था, मगर उसने शिकायत वापस ले ली। पैसे के लेनदेन का मामला था। दोनों पक्ष आपसी समझौता करके लौट गए।
उधर लोकसभा प्रत्याशी महेंद्र सिंह का कहना है कि जिस दिन से उन्होंने अपना नामांकन किया है, तब से सनी और उसका परिवार उन्हें प्रताड़ित करता है। महेंद्र ने बताया कि सनी उनके घर के पास में ही रहता है और ब्याज पर पैसे बांटने का काम करता है। महेंद्र सिंह ने बताया कि सनी मुहल्ले के लोगों कर्ज देता है। फिर उनसे 30 से 40 प्रतिशत की ब्याज वसूलता है। ब्याज के मामले में सनी ने इससे पूर्व प्रताप नामक युवक की भी पिटाई लगाई थी।
प्रत्याशी महेंद्र सिंह का कहना है कि सनी और उसके परिवारवालों ने मुझे मानसिक तनाव दे रखा है। जब से चुनाव लड़ने की तैयारी की है, तब से मेरे बारे में गलत प्रचार कर रहे हैं। मेरे चुनाव लड़ने में अड़चन बने हुए हैं। आते-जाते रास्ते में तंज कसते हैं। थाने में आपसी सहमति बनने के बाद प्रत्याशी घर लौट आया था। लेकिन घर लौटने पर उसने पंखे से लटककर फंदा लगाने की कोशिश की। शोर मचने पर आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़कर उसे बचाया।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments