चेकिंग के दौरान होमगार्डों को घसीटता ले गया ट्रैक्टर, दो की मौत

आगरा, 05 मई। श्रावस्ती से चुनाव ड्यूटी पर आए तीन होमगार्डों को शनिवार देर रात इरादत नगर में ट्रैक्टर ने रौंद दिया। कल्टीवेटर में फंसे होमगार्डों को ट्रैक्टर कई किमी दूर तक घसीटते ले गया। गंभीर रूप से घायल तीनों होमगार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दो की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। हादसे से आक्रोशित होमगार्डों ने जाम लगा दिया।
बताया गया है कि हादसा देर रात 11 बजे हुआ। श्रावस्ती जिले से चुनाव ड्यूटी पर आए होमगार्ड उमेश कुमार, लच्छाराम और कौशल कुमार की कंपनी को इरादत नगर में ठहराया गया था। इरादत नगर-शमसाबाद रोड पर पुलिस के साथ चेकिंग कराने के बाद तीनों होमगार्ड सड़क किनारे खड़े थे। तभी सामने से आए ट्रैक्टर ने उन्हें चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर में कल्टीवेटर लगा था। लिहाजा होमगार्ड उसकी चपेट में आकर घिसटते चले गए लेकिन चालक ने ट्रैक्टर नहीं रोका।
चालक दो किलोमीटर दूर जाकर ट्रैक्टर को छोड़ भाग निकला। घायल तीनों होमगार्ड को अस्पताल ले जाया गया। जहां उमेश कुमार और लच्छाराम की मृत्यु हो गई। कौशल कुमार का इलाज चल रहा है।
इधर, आक्रोशित होमगार्डों ने इरादत नगर में जाम लगा दिया। जानकारी पर डीसीपी पश्चिम सोनम कुमार पहुंचे। उन्होंने होमगार्डों को शांत कराया। डीसीपी ने होमगार्ड उमेश कुमार की मृत्यु की पुष्टि की। वहीं एक अन्य होमगार्ड की मौत सुबह उपचार के दौरान होने की पुष्टि थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार की।
____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments