वृंदावन में यमुना में उतारे गए क्रूज का अगला हिस्सा टूटा, आगरा के बाह-बटेश्वर तक बढ़ाया जाना है इस सेवा को
आगरा/मथुरा, 13 अप्रैल। मथुरा वृंदावन के प्रमुख मंदिरों के जलमार्ग से भ्रमण के लिए क्रूज सुविधा शुरू की जानी है, इसे आगरा के बाह-बटेश्वर तक बढ़ाया जाएगा। वृंदावन में यमुना में उतारे गए क्रूज का आगे का हिस्सा टूट गया।
क्रूज को छह दिन पहले यमुना में उतारा गया था, क्रूज की साफ सफाई और रखरखाव करने के लिए शुक्रवार को केशीघाट पर हाइड्रा मशीन से क्रूज को बाहर निकाला जा रहा था। क्रूज का आगे का फाइबर का हिस्सा टूट गया, क्रूज का आगे का हिस्सा टूटने पर तकनीकी टीम भी पहुंच गई, अब इसकी वेल्डिंग कराई जा रही है।
क्रूज के कैप्टन निहार प्रधान का कहना है कि क्रूज की मरम्मत में दो से तीन दिन का समय लग सकता है, इसके बाद ही क्रूज को दोबारा यमुना में उतारा जाएगा।
इससे पहले क्रूज को पानीगांव रोड से ट्राला में रखकर केशीघाट के सामने दूसरी तरफ लाने के दौरान पेड़ की डाली से हैड लाइट टकरा गई थी, इससे क्रूज की लाइट टूट गई थी। इसे ठीक कराया गया था।
मथुरा वृंदावन के मंदिरों के भ्रमण के लिए यमुना में क्रूज का संचालन किया जाना है। सरकार की योजना है कि इस सेवा को आगरा के बाह बटेश्वर तक बढ़ाया जाए, लेकिन आगरा ने यमुना नदी पानी की कमी से जूझ रही है। ताजमहल के आगे नगला पैमा में रबर चेक डैम प्रस्तावित है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिलान्यास भी कर चुके हैं, लेकिन इस रबर चेक डैम को अभी तक सभी विभागों का अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं मिल सका है। आगरा में यमुना नदी की डिसिल्टिंग भी विचाराधीन है। इसे लेकर एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में भी लंबित है। बताया गया है कि याचिका पर अगली सुनवाई 22 अप्रैल को होगी।
गोकुल बैराज के कारण मथुरा, वृंदावन में तो यमुना का जलस्तर क्रूज के लायक है। लेकिन आगरा में जलस्तर बढ़ने पर ही क्रूज सेवा की संभावना बन पाएगी।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments