जगदीशपुरा जमीन विवाद में दस हजार का इनामी पुरुषोत्तम पहलवान गिरफ्तार, पुलिस को बताया एक चर्चित नाम
आगरा, 20 जनवरी। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के जमीन कांड में शनिवार को पुलिस ने दस हजार के इनामी पुरुषोत्तम पहलवान को गिरफ्तार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि जमीन पर दबंगई से कब्जा हुआ था। थाना पुलिस मिली हुई थी, इसकी पुष्टि भी की। पुलिस और बिल्डर के बीच डील एक चर्चित व्यक्ति ने कराई थी। पुलिस को उसका नाम पता चल गया है। हालांकि पुलिस ने मुकदमे में उसे अभी तक आरोपी नहीं बनाया है। पहलवान ने कहा कि उसे तो मामले में फंसाया जा रहा है।
जगदीशपुरा पुलिस ने दस हजार वर्गगज जमीन के मामले में दो फर्जी मुकदमों में पांच लोगों को जेल भेजकर कब्जा कराया था। डीजीपी से शिकायत के बाद मामला सुर्खियों में आया। पुलिस ने जमीन की कथित मालकिन उमा देवी की तहरीर पर डकैती की धारा में मुकदमा दर्ज किया। सबसे पहले अमित अग्रवाल की गिरफ्तारी हुई। उसके बाद पुलिस ने तत्कालीन एसओ जगदीशपुरा जितेंद्र कुमार को जेल भेजा। शुक्रवार को बिल्डर कमल चौधरी, धीरू चौधरी और पुरुषोत्तम पहलवान पर दस-दस हजार रुपये इनाम घोषित किया गया था।
डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि मलका चबूतरा, शाहगंज निवासी पुरुषोत्तम पहलवान को पथौली के पास से गिरफ्तार किया गया। उसने पुलिस को बताया कि बिल्डर कमल चौधरी से उसकी दोस्ती है। बिल्डर का एक गुर्गा किशोर बघेल भी है। वह बोदला का है। प्रॉपर्टी डीलर भी है। वही उसे विवादित जमीन पर लेकर गया था। चौकीदारों के घर में जो सामान रखा था उसे किशोर बघेल ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले गया था। कब्जे के समय बिल्डर कमल चौधरी भी मौके पर आए थे। उनके साथ गाड़ी में आधा दर्जन लोग थे। मगर उनके बेटे धीरू चौधरी को उसने नहीं देखा था।
पहलवान ने मौके पर आने वालों में एक ऐसा नाम भी बताया जो राजनीतिक घराने से संबंध रखता है। इस वजह से पुलिस भी उसका नाम नहीं ले पा रही है। अभी कमल चौधरी और उनका बेटा फरार है। उन पर इनाम घोषित कर दिया गया है।
Post a Comment
0 Comments